सैनिक कोष में 5 करोड़ नहीं देगें फरहान अख्तर, मनसे ने धमकाया
पाकिस्तानी कलाकारों को बॉलीवुड में काम देने वाले फिल्म निर्माताओं को पांच करोड़ रुपये सैनिक कल्याण कोष में देने की मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की शर्त को फरहान अख्तर ने नकार दिया है। उन्होंने कहा है कि फिल्म रईस की रिलीज के लिए वह पांच करोड़ रुपये नहीं देंगे। इससे नया विवाद शुरू हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने इसको लेकर देख लेने की धमकी दी है।
मनसे का कहना है कि जो भी फिल्म पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर बनाई जाएगी। उस फिल्म के प्रोड्यूसर को पांच करोड़ रुपये सैनिक कल्याण कोष में जमा करना होगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर हुई बैठक में फिल्म निर्माता करण जौहर की ए दिल है मुश्किल भी इसी शर्त पर रिलीज हुई है।
हालांकि इस तरह की किसी शर्त को मुख्यमंत्री फडणवीस भी खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि यह ऐच्छिक है फिल्मकारों पर कोई शर्त नहीं थोपी गई है। वहीं, रक्षा मंत्रालय ने भी यह साफ किया है कि उन्हें ऐसे किसी दान की जरूरत नहीं है। सेना को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। लेकिन, मनसे ए दिल है मुश्किल के साथ रईस फिल्म की रिलीज के लिए भी यही शर्त रखी है।
रिलीज के लिए किसी के साथ ऐसा समझौता नहीं करेंगे
इधर, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फरहान अख्तर ने कहा है कि वह अपनी फिल्म ‘रईस’ की रिलीज के लिए किसी के साथ ऐसा समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने करण जौहर के फैसले को भयानक मिसाल बताया। फरहान ने कहा है कि मेरी फिल्म ‘रईस’ में पाकिस्तानी कलाकारों ने काम किया है। लेकिन, इसके लिए मैं पांच करोड़ रुपये देने के हक में बिल्कुल नहीं हूं।
चर्चा है कि शाहरुख खान की फिल्म रईस 26 जनवरी को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में शाहरुख की हीरोइन माहिरा खान है जो पाकिस्तानी अभिनेत्री है। यही कारण है कि फिल्म पर विवाद हो रहा है।
फरहान अख्तर के इनकार पर मनसे फिल्म इकाई के अध्यक्ष अमेय खोपकर ने धमकी दी है कि फिल्म के रिलीज की तारीख नजदीक आने दीजिए फिर इन्हें देख लेंगे। उन्होंने कहा कि ए लोग तब कहां थे जब फिल्म प्रोड्यूसर्स ने पांच करोड़ रुपये सैनिक कल्याण निधि में दान देने का निर्णय लिया गया था।