AIMIM ने शिवसेना को दिया गठबंधन का प्रस्ताव: राउत बोले- कल्पना भी नहीं कर सकते, फडणवीस ने कहा- हमें फर्क नहीं पड़ता
फडणवीस का कहना है कि लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी और हम जो काम करते हैं, उसे देखकर वोट दिए हैं। बाकी सारे दल एक जैसे हैं, यदि ये सब मिल भी जाएं तो कोई फर्क नहीं आएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजिलसे इत्तेहादुल मुसलमीन (AIMIM ) से रिश्तों को लेकर सियासी वार-पलटवार का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। एआईएमआईएम ने शिवसेना को विलय का प्रस्ताव दिया है। इसे लेकर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। उधर, पूर्व सीएम व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि शिवसेना-एआईएमआईएम से गठबंधन करे तो हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
फडणवीस का कहना है कि लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी और हम जो काम करते हैं, उसे देखकर वोट दिए हैं। बाकी सारे दल एक जैसे हैं, यदि ये सब मिल भी जाएं तो कोई फर्क नहीं आएगा। लेकिन ये देखना है कि शिवसेना और AIMIM किस प्रकार साथ में आते हैं।
एआईएमआईएम का भाजपा से गुप्त गठबंधन : राउत
उधर, एआईएमआईएम से गठबंधन की सियासी चर्चा पर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि इम्तियाज जलील AIMIM के सांसद हैं। मैं उनसे मिलता रहता हूं, इसका मतलब यह नहीं है कि हम उनके साथ गठबंधन कर रहे हैं। हम AIMIM के साथ गठबंधन बनाने की कल्पना नहीं कर सकते। हां, AIMIM और BJP के बीच एक गुप्त गठबंधन है, जिसे आपने उप्र के चुनाव में देखा होगा।
हमें भाजपा की 'बी' टीम बताते हैं तो कांग्रेस हमसे गठबंधन कर ले : जलील
उधर, सांसद जलील ने कहा कि हमें हमेशा भाजपा की जीत का जिम्मेदार ठहराया जाता है। यह भी कहा जाता है कि हम भाजपा की 'बी' टीम हैं। इसलिए हम कांग्रेस को प्रस्ताव देते हैं कि वह हमारे साथ गठबंधन कर ले। चूंकि वे महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ हैं, इसलिए वह कभी हमारे साथ गठबंधन के लिए तैयार नहीं होंगे।
उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषित किया उम्मीदवार
इस बीच कांग्रेस ने कोल्हापुर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र विधानसभा उपचुनाव के लिए जयश्री चंद्रकांत जाधव को पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।
एआईएमआईएम भाजपा की 'बी टीम': संजय राउत
शिवसेना नेका संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने आज पार्टी सांसदों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में कहा कि शिवसेना एआईएमआईएम के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम भाजपा की 'बी टीम' है।