Ex-DGP Murder Case: पूर्व डीजीपी हत्याकांड की तह तक पहुंचेगी अपराध शाखा, कर्नाटक सरकार ने सौंपी जिम्मेदारी
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को बताया कि ओम प्रकाश एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थे इसलिए अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पल्लवी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और फिलहाल मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
विस्तार
कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश हत्या मामले की चर्चा पूरे देशभर में हो रही है। कारण है कि पूर्व डीजीपी की हत्या के आरोप में उनकी पत्नी पल्लवी को गिरफ्तार किया गया। पल्लवी के गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहें है। हालांकि अब इस घटना की जांच केंद्रीय अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) को सौंपी गई है, जिसके बाद से अनुमान लगाया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच इस घटना के तह तक पहुंच कर पूरी सच्चाई को सामने लाएगी।
राज्य गृह मंत्री ने दी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को बताया कि इस मामले की जांच अब केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) कर रही है क्योंकि ओम प्रकाश एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि पल्लवी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और फिलहाल मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही जब उनसे पूछा गया कि क्या पुलिस को मोबाइल फोन से कोई सुराग मिला है, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन जांच में सब देखा जाएगा।
ये भी पढ़ें:- EX-DGP Murder Case: गर्दन की नस काटने से मौत कैसे होगी? पूर्व डीजीपी की हत्या से पहले पत्नी ने किया गूगल सर्च
मीडिया रिपोर्ट में दावा
बता दें कि इस मामले में ताजा अपडेट के अनुसार दावा किया जा रहा है कि पूर्व डीजीपी की पत्नी और हत्या की मुख्य आरोपी पल्लवी ने हत्या से पांच दिन पहले गूगल पर सर्च किया था कि गर्दन की नस और रक्तवाहिनियां काटने से मौत कैसे होती है। इतना ही नहीं सूत्रों का कहना है कि हत्या से पहले पल्लवी ने व्हाट्सएप ग्रुप में कई संदेश साझा किए थे। इनमें उसने कहा कि उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया है, उस पर नजर रखी जाती है, उसे जहर देने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उसने अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी।
एक नजर पूरी घटना पर
अब बात अगर पूरे घटना की करें तो पुलिस के अनुसार यह घटना बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट में रविवार को हुई, जब ओम प्रकाश का अपनी पत्नी पल्लवी से दोपहर के खाने के दौरान झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। घटना के समय उनकी बेटी कृति भी घर में मौजूद थी। मामले में ओम प्रकाश के बेटे कार्तिकेश ने अपनी मां और बहन पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने दावा किया कि दोनों महिलाएं अवसाद से जूझ रही थीं। फिलहाल पुलिस बेटी कृति की भूमिका की जांच कर रही है, लेकिन उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें:- Ex DGP murder Case: 'राक्षस को मार डाला'; पत्नी ने पूर्व डीजीपी पर फेंका मिर्च पाउडर, फिर चाकू मारकर ले ली जान
बिहार के रहने वाले थे पूर्व डीजीपी
गौरतलब है कि 68 वर्षीय ओम प्रकाश मूल रूप से बिहार के चंपारण के निवासी थे। उन्हें 1 मार्च 2015 को पुलिस महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। वे पहले कर्नाटक होम गार्ड्स और फायर ब्रिगेड के महानिदेशक थे और 2015 से 2017 तक राज्य के पुलिस महानिदेशक भी रहे।