ED: 'कोल्डप्ले', 'दिलजीत दोसांझ' के कॉन्सर्ट के टिकटों की बिक्री में धांधली, पांच राज्यों में ईडी की छापेमारी
इन आयोजनों के टिकटों की आधिकारिक बिक्री के लिए प्रमुख तौर से टिकटिंग पार्टनर्स, बुकमायशो और ज़ोमैटो लाइव को अधिकृत किया गया था। इन दोनों प्लेटफार्म ने रिपोर्ट दी है कि कुछ ही मिनटों में सभी टिकट बिक गए थे। अधिक कीमतों पर टिकटों की कालाबाजारी का यह भी एक कारण रहा है।
विस्तार
पंजाबी पॉप सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, जो दिल्ली में 26 और 27 अक्टूबर को आयोजित होना है, उसे लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पांच शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। जब इस कॉन्सर्ट के टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए तो उसके बाद फर्जी टिकटों का खेल शुरू हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अत्यधिक कीमतों पर कॉन्सर्ट के टिकटों की कालाबाजारी हुई है। कई प्रशंसकों को नकली टिकट बेचे गए। वैध टिकट के नाम पर उनसे अत्यधिक कीमत वसूल की गई थी।
इन पांच राज्यों में ईडी की छापेमारी
ईडी के मुताबिक, कोल्डप्ले और दिलजीत दोसांझ के दिललुमिनाती कॉन्सर्ट के टिकटों की अवैध बिक्री के संबंध में दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़, बंगलूरू में छापामारी की गई। जांच एजेंसी की टीमों ने कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। दिलजीत दोसांझ का 'दिललुमिनाती' और कोल्डप्ले का 'म्यूजिक ऑफ द स्फ़ेयर्स वर्ल्ड टूर', इन दोनों आयोजनों ने संगीत प्रेमियों में अत्यधिक उत्साह पैदा किया है। इन आयोजनों के टिकटों की आधिकारिक बिक्री के लिए प्रमुख तौर से टिकटिंग पार्टनर्स, बुकमायशो और ज़ोमैटो लाइव को अधिकृत किया गया था। इन दोनों प्लेटफार्म ने रिपोर्ट दी है कि कुछ ही मिनटों में सभी टिकट बिक गए थे। अधिक कीमतों पर टिकटों की कालाबाजारी का यह भी एक कारण रहा है।
लोगों को नकली टिकट बेचे गए
कॉन्सर्ट के टिकट तेजी से बिकने के बाद, फर्जी टिकटों की बिक्री शुरू हुई। इसके माध्यम से व्यक्तियों को धोखा दिए जाने की कई रिपोर्टें सामने आई हैं। कई प्रशंसकों को पता चला है कि उन्हें नकली टिकट बेचे गए थे। वैध टिकटों के लिए उनसे अत्यधिक कीमत वसूल की गई थी। इस बाबत देश भर के विभिन्न राज्यों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों का शोषण करने वाले कई संदिग्धों के खिलाफ बुकमायशो द्वारा दर्ज की गई एफआईआर भी शामिल है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कुछ व्यक्ति इन प्रतिष्ठित संगीत समारोहों की उच्च मांग का फायदा उठाकर नकली टिकट बेचने और कीमतों में भारी वृद्धि करने में लगे हुए हैं।
ईडी इन बातों की कर रही जांच
इसके बाद ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत जांच शुरू की है। धन शोधन निवारण के प्रावधानों के तहत 25 अक्तूबर को 5 राज्यों दिल्ली, मुंबई, जयपुर, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में 13 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली गई है। छापेमारी के दौरान घोटाले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप, सिम कार्ड आदि जैसी कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य टिकटों की अवैध बिक्री और इन घोटालों का समर्थन करने वाले वित्तीय नेटवर्क की जांच करना है।
जांच एजेंसी द्वारा इस तरह की अवैध गतिविधियों से उत्पन्न अपराध की आय का पता लगाया जा रहा है। आम तौर पर, इस तरह के शो के टिकट ज़ोमैटो, बुकमायशो और अन्य जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होते हैं। हालाँकि, जब कॉन्सर्ट की मांग बहुत अधिक होती है, तो ये टिकट जल्दी बिक जाते हैं, जिससे लोग वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करते हैं। ईडी द्वारा की गई तलाशी और जांच से इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम का उपयोग करके सोशल मीडिया के माध्यम से नकली टिकट सहित ऐसे टिकट उपलब्ध कराने के लिए जाने जाने वाले कई व्यक्तियों के बारे में जानकारी सामने आई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.