जॉनसन का भारत दौरा: पाकिस्तान मूल की ब्रिटिश सांसद ने उठाया इस्लामोफोबिया का मुद्दा, मुख्तार अब्बास नकवी ने दिया करारा जवाब
ब्रिटिश सांसद ने कहा, 10 डाउनिंग स्ट्रीट से मेरी अपील है कि इस्लामोफोबिया के बढ़ते मुद्दे को मोदी सरकार के सामने उठाएं।
विस्तार
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को ब्रिटेन की लेबर पार्टी के पाकिस्तानी मूल की सांसद नाज शाह पर निशाना साधा। नकवी ने सांसद को नसीहत देते हुए कहा कि भारत में अल्पसंख्यक सहित सभी नागरिक सुरक्षित हैं। नाज ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से अपनी यात्रा के दौरान इस्लामोफोबिया का मुद्दा उठाने की मांग की थी। इस पर नकवी ने करारा जवाब देते हुए कहा कि वह (सांसद) अपने पूर्वाग्रही एजेंडे इंडिया फोबिया को इस्लामोफोबिया न बदलें।
नाज शाह ने दी थी जॉनसन को नसीहत
ब्रैडफोर्ड वेस्ट के लेबर पार्टी की सांसद और अपराध में कमी के लिए मंत्री नाज शाह ने गुरुवार को ट्विटर पर जॉनसन को नसीहत दी कि ब्रिटेन के विदेशी संबंध न केवल व्यापार और अंतर्राष्ट्रीयता पर बल्कि मानवाधिकारों पर भी आधारित होने चाहिए। उन्होंने कहा, 10 डाउनिंग स्ट्रीट से मेरी अपील है कि इस्लामोफोबिया के बढ़ते मुद्दे को मोदी सरकार के सामने उठाएं।
ट्वीट्स की एक लंबी श्रृंखला में शाह ने कहा कि भारत में मुसलमानों के खिलाफ रोजमर्रा की नफरत और मॉब लिंचिंग का बढ़ता ज्वार चिंताजनक होता जा रहा है। मैं @BorisJohnson से आग्रह करती हूं कि मेरे संदेशों को पढ़ें, मानवाधिकारों के लिए खड़े हों और अपनी अज्ञानता से हमें अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर शर्मिंदा करना बंद करें। बढ़ते तनाव के बीच भारत में अल्पसंख्यक मुसलमानों के घरों पर बुलडोजर चलाना गंभीर है!
नकवी ने दिया करारा जवाब
नाज पर पलटवार करते हुए नकवी ने कहा, कृपया, 'इंडिया फोबिया' के अपने पूर्वाग्रही एजेंडे को 'इस्लामोफोबिया' में न बदलें। अल्पसंख्यकों सहित हर भारतीय नागरिक भारत में सुरक्षित हैं। सह-अस्तित्व हमारी प्रतिबद्धता है और समावेशिता हमारी संस्कृति है। अपने ट्वीट में नाज शाह ने कहा कि कर्नाटक में अदालत ने राज्य सरकार के एक आदेश को भी बरकरार रखा जिसमें कक्षाओं में हेडस्कार्फ (हिजाब) पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में मुस्लिम महिलाओं और लड़कियों को अपने धर्म और शिक्षा के बीच किसी एक को चुनने के लिए कहा जा रहा है।
बांटो और राज करो के औपनिवेशिक खेल का दौर खत्म : एमजे अकबर
कश्मीर समेत भारतभर में मुस्लिमों की स्थिति को चिंताजनक बताने वाली ब्रिटिश सांसद नाज शाह को पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने भी कुछ ऐसा ही करारा जवाब दिया है। शुक्रवार को उन्होंने एक ट्वीट के जरिए कहा, नाज शाह जैसे कुछ ब्रिटिश सांसद अब भी सोचते हैं कि वे बांटो और राज करो का औपनिवेशिक खेल रच सकते हैं। लेकिन बांटो और राज करो का दौर बहुत पहले खत्म हो चुका। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और हमेशा रहेगा। भारत में मुस्लिम गौरवान्वित भारतीय और मुस्लिम हैं।
ब्रिटिश सांसद नहीं, आईएसआई एजेंट लगती हैं आप : अजाकिया
ब्रिटिश सांसद नाज शाह के बोरिस जॉनसन के भारत दौरे पर मोदी सरकार के समक्ष इस्लाम के डर का मुद्दा उठाने को लेकर ब्रिटेन के ही मानवाधिकार कार्यकर्ता आरिफ अजाकिया ने उन्हें आईना दिखाया है। ट्विटर पर अजाकिया ने कहा, आप लोग झूठ फैला रहे हैं। इससे लगता है कि आप ब्रिटिश सांसद नहीं, बल्कि पाकिस्तान की आईएसआई का प्रतिनिधित्व करती हैं। पहले तथ्यों के प्रति सतर्क रहें फिर बोलें।