यूपी चुनाव: वोट न देने पर दिव्यांग महिला की काटी नाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के प्रतापगढ़ में एक दल के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान न करने पर सोमवार को पड़ोसियों ने दिव्यांग महिला को पीटा और उसकी नाक काट दी। बचाव के लिए पहुंचे उसके बेटे व बेटी को भी जमकर धुना। पीड़िता का आरोप है कि गांव के बीडीसी सदस्य ने उस पर हमला किया। वहीं पुलिस घटना को देवरानी और जेठानी के बीच विवाद बता रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के मत्तूका पुरवा कुसफरा निवासी रंगीता (35) पत्नी कृष्णा पैर से नि:शक्त है। कृष्णा का आरोप है कि गांव के बीडीसी सदस्य एक पार्टी विशेष को वोट देने के लिए दबाव बना रहे थे।
घायल रंगीता की मां दूसरे दल के प्रत्याशी की समर्थक है। इससे खुन्नस खाए गांव के 6 लोगों ने सोमवार को करीब 11 बजे रंगीता पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
पुलिस बता रही देवरानी-जेठानी का झगड़ा
खून से लथपथ होकर गिर गई तो आरोपियों ने उसकी नाक काट दी। बीच-बचाव करने के लिए दौड़ने पर कृष्णा (38), बेटे विष्णु (17) व बेटी पूजा (16) को भी घसीट-घसीटकर बेरहमी से पीटा गया।
यह सभी विष्णु को अधमरा करने के बाद ही हटे। शोर पर गांव के तमाम लोग पहुंचे और बीच बचाव कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में डॉक्टरों ने रंगीता और विष्णु को इलाहाबाद रेफर कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे एसओ मानधाता ने बताया कि वोट देने को लेकर तो नहीं पर देवरानी और जेठानी के बीच आपस में मारपीट जरूर हुई है। उनके पास अभी कोई तहरीर नहीं आई है।