विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों को जूते-चप्पल से पीटेंगे: घोष
- घोष ने इससे पहले ऐसे छात्रों को ऊपर से छह इंच छोटा करने और जमीन के छह फुट नीचे दफनाने की धमकी दी थी।
- भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे छात्रों की जूते-चप्पल से पिटाई कर उनको सीधा कर दिया जाएगा।
विस्तार
पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने देश विरोधी नारे लगाने वाले छात्रों को जूते-चप्पलों से पीटने की धमकी दी है।
घोष ने इससे पहले ऐसे छात्रों को ऊपर से छह इंच छोटा करने और जमीन के छह फुट नीचे दफनाने की धमकी दी थी। जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रों को लेकर दिए गए उनके इस ताजा बयान से विवाद खड़ा हो गया है।
दक्षिण 24-परगना जिले के सुंदरबन इलाके में रविवार को भाजपा की एक सभा के दौरान घोष ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्र परिसर के भीतर बैठकर देश विरोधी नारे लगा रहे हैं। उनमें हिम्मत है तो बाहर आएं।
जेएनयू
हम उनकी ऐसी पिटाई करेंगे कि वे अपने पूर्वजों के नाम तक भूल जाएंगे। भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे छात्रों की जूते-चप्पल से पिटाई कर उनको सीधा कर दिया जाएगा। वामपंथी लोग देश को बांटने की साजिश करने वालों का समर्थन कर रहे हैं।
बीते महीने जेएनयू की घटना के समर्थन में जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्रों की एक रैली के दौरान अफजल गुरू के समर्थन और कश्मीर व मणिपुर की आजादी की मांग के नारे लगे थे।
घोष ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी जैसे मौकापरस्त राजनीतिज्ञ उसका समर्थन कर रहे हैं।
इससे कन्हैया जैसे मूर्खों का मनोबल बढ़ रहा है। वामपंथी नेताओं ने घोष की उक्त टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।