दो करोड़ की फिरौती के लिए किया विदेशी नागरिक का अपहरण दिल्ली पुलिस ने किया सकुशल बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में पुलिस की भूमिका को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लेकिन इसी बीच दो विदेशी नागरिकों ने दिल्ली पुलिस की जबरदस्त सराहना की है।
इसका कारण यह है कि बुल्गारिया के एक विदेशी नागरिक का कुछ बदमाशों ने 28 फरवरी की रात को अपहरण कर लिया था। वे उनके परिवार से दो करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। लेकिन दिल्ली पुलिस ने अपहृत नागरिक को न सिर्फ बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया है, बल्कि उन बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक द्वारका के मोहन गार्डेन इलाके में देर रात बुल्गारिया का एक विदेशी नागरिक एटीएम से पैसे निकाल रहा था। इसी बीच दो बदमाशों की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने पिस्तौल की नोक पर उसे अपहरण कर लिया। बदमाशों ने विदेशी नागरिक के फोन से ही उसके दोस्त को फोन कर दो करोड़ रुपये की मांग की और पैसा न देने पर नागरिक को जान से मार डालने की धमकी भी दी।
अपहृत नागरिक के दोस्त ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया और योजना के मुताबिक बदमाशों को दो करोड़ रुपये देने के लिए नजफगढ़ के झड़ौंदा में बुलाया। विदेशी नागरिक के साथ पुलिस तो नहीं है, यह निश्चित करने के लिए बदमाश केवल वीडियो कॉल कर रहे थे जिससे आसपास की चीजें उन्हें दिखती रहें। लेकिन दिल्ली पुलिस की सतर्कता ने बदमाशों को उनका इरादा भांपने नहीं दिया। अंततः पुलिस ने बदमाशों से अपहृत नागरिक को बचा लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार हुआ एक बदमाश अनूप हत्या के एक मामले में वांछित रह चुका है जबकि दूसरा बदमाश नवीन अभी-अभी अपराध की दुनिया में कदम रख रहा था। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक लाख रुपये, पिस्तौल, घटना में इस्तेमाल हुई गाड़ी और अन्य चीजें बरामद कर लिया है।