नया साल नहीं मनाएगी कांग्रेस, जश्न की जगह पार्टी करेगी उपवास, ये है वजह
- दो जनवरी से छह जनवरी के बीच कांग्रेस चलाएगी विशेष चुनावी अभियान
- पार्टी के केंद्रीय नेता भी उतरेंगे चुनावी मैदान में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुछ ही घंटों के बाद नया साल शुरू होने वाला है और हर जगह इसका जश्न मनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने नए साल का जश्न नहीं मनाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि देश की हालत खराब है, अर्थव्यवस्था अपने निचले स्तर पर है और किसानों की हालत बदहाल है। ऐसे में नए साल का जश्न मनाना तकलीफ झेल रहे लोगों की तकलीफ पर नमक छिड़कने जैसा है, इसलिए पार्टी नए साल का जश्न नहीं मनाएगी।
जश्न मनाने की बजाय कांग्रेस पार्टी 31 दिसंबर शाम से एक जनवरी सुबह तक के उपवास का आयोजन करेगी। इस उपवास कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन कीर्ति आजाद ने बताया कि इस उपवास के जरिए पार्टी केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नोटबंदी, सीलिंग और जीएसटी जैसे केंद्र सरकार के उठाए गए कदमों के कारण लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है।
चुनाव प्रचार को बनाए ये कार्यक्रम
कीर्ति आजाद ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने सघन प्रचार की रणनीति बनाई है। दो जनवरी से छह जनवरी के बीच पार्टी घर-घर तक पदयात्राओं के जरिए संपर्क करेगी। इस दौरान पब्लिक मीटिंग और मार्च का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में पार्टी के केंद्रीय नेताओं की भी अच्छी संख्या में भागीदारी होगी।
इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी देश के अलग-अलग हिस्सों से आये लोगों के समुदायों से भी मुलाकात करेगी। इनमें यूपी-बिहार से आये पूर्वांचली समुदाय के अलावा पर्वतीय क्षेत्रों से आये उत्तराखंडी समुदाय और दक्षिण भारतीय समुदाय के लोग भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि हर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्र में विशेष चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। आने वाले दिनों में हर लोकसभा क्षेत्र में बड़ी रैलियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा में तीन विशेष पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। इन प्रभारियों का दायित्व क्षेत्र की लोकसभाओं में आयोजित होने वाली विशेष जनसभाओं के दौरान आयोजन को संपन्न कराना होगा।
कांग्रेस के वायदों का होगा प्रचार
कीर्ति आजाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव जीतने पर हर घर को 600 यूनिट बिजली और हर गरीब परिवार, दिव्यांग और वृद्धों की पेंशन को दोगुना करने का फैसला किया है। यह पेंशन पांच हजार रुपये तक होगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावी रैलियों के दौरान पार्टी नेता यह बात लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे।