फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Death penalty to the accused who murdered his wife in Hyderabad Big News in hindi

Big News: हैदराबाद में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को मृत्युदंड, अहमदाबाद में दो करोड़ की केटमाइन जब्त

Fri, 19 Jan 2024 04:57 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Fri, 19 Jan 2024 04:57 AM IST
सार

पुलिस ने बताया कि 38 साल के आरोपी इमरान उल हक ने जनवरी 2019 को अपनी पत्नी के साथ क्रूरता की और उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि इमरान अपनी पत्नी को हर बात पर प्रताड़ित करता था।

विज्ञापन
Death penalty to the accused who murdered his wife in Hyderabad Big News in hindi
National News - फोटो : Social Media

विस्तार

हैदराबाद की एक अदालत ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। पुलिस ने बताया कि 38 साल के आरोपी इमरान उल हक ने जनवरी 2019 को अपनी पत्नी के साथ क्रूरता की और उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि इमरान अपनी पत्नी को हर बात पर प्रताड़ित करता था। आरोपी ने 6 जनवरी 2019 को अपनी पत्नी के गले पर कैंची मारी, इसके बाद हथौड़े से सिर पर वार किया और बाद में उसके निजी अंगों में पेचकस डाल दिया।

विज्ञापन

दो करोड़ की केटमाइन जब्त
अहमदाबाद हवाईअड्डे के एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स से डीआरआई ने दो करोड़ रुपये की 50 किलो केटामाइन जब्त की। इसके बाद पुलिस ने गांधीनगर जिले से सटे एक कारखाने में छापेमारी की। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक विज्ञप्ति के मुताबिक, केवल तीन महीनों में डीआरआई अहमदाबाद ने सिंथेटिक दवाओं के उत्पादन और तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

विज्ञापन


मलयेशिया जाने वाले विमान का टायर फटा 130 यात्री बाल-बाल बचे
कुआलालंपुर जा रहे एक अंतरराष्ट्रीय विमान का बृहस्पतिवार को टायर फट गया। हालांकि, इसमें सवार सभी 130 यात्री सुरक्षित हैं। हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विमान का पिछला टायर मलयेशिया की राजधानी के लिए उड़ान भरने से कुछ वक्त पहले फट गया। इसके बाद सभी यात्रियों को उतारा गया और उन्हें शहर के होटलों में ठहराया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि विमान शुक्रवार सुबह उड़ान भरेगा। उन्होंने कहा कि घटना के कारण उड़ान संचालन प्रभावित नहीं हुआ। 
विज्ञापन
विज्ञापन


एफसीआरए उल्लंघन में एनवायरोनिक्स ट्रस्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज  
सीबीआई ने 2018 में हुए बैंक हस्तांतरणों में विदेशी योगदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) के प्रावधानों के उल्लंघन में एनवायरोनिक्स ट्रस्ट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एफआईआर में ट्रस्ट के आर श्रीधर और वनिता श्रीधर का भी नाम है। सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि एनवायरोनिक्स ट्रस्ट (ईटी) ने ओडिशा में अंफान चक्रवात प्रभावित लोगों के बीच वितरण के लिए 15 नवंबर, 2020 को 711 लोगों के बैंक खातों में 1,250-1,250 रुपये स्थानांतरित किए थे।

लेकिन वास्तव में यह भुगतान ओडिशा के धिनकिया में जेएसडब्ल्यू आंदोलन के लिए प्रदर्शनकारियों को किया गया था। इस तरह ईटी ने आंदोलनकारियों का वित्तपोषण किया जो देश में कानून और व्यवस्था के मुद्दे पैदा करने वाली विभिन्न गतिविधियों में शामिल है। ये गतिविधियां ट्रस्ट के उद्देश्य के अनुरूप नहीं थीं और ये एफसीआरए अधिनियम, 2010 के प्रावधानों के विपरीत हैं। यही नहीं सीबीआई के मुताबिक ट्रस्ट के तार आदिवासी कार्यकर्ता डेम ओराम से भी जुड़े हैं। ओराम को राउरकेला पुलिस ने दंगा और गैरकानूनी सभा के लिए गिरफ्तार किया था।

कार्यपालक पदाधिकारी से मारपीट करने वाला लालू यादव का रिश्तेदार गिरफ्तार
कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह के साथ मारपीट करने वाला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार रात राजद सुप्रीमो लालू यादव के भतीजे नागेंद्र राय के बेटों तनुज यादव और नयन यादव ने कार्यपालक पदाधिकारी की बर्बरता से पिटाई की थी। मामले को तूल पकड़ने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि वो हमारा परिवार का सदस्य हो या रिश्तेदार कार्रवाई होगी। मैंने खुद फोन कर जांच करने और कार्रवाई करने को कहा है।

तेजस्वी ने कहा, जानकारी मिलते ही मैंने अधिकारी से बात की और कार्रवाई की बात कही। मारपीट की घटना के बाद कार्यपालक पदाधिकारी के परिजनों ने रूपसपुर थाने में तनुज और नयन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने नागेंद्र राय के आवास पर तलाशी ली और उनके भतीजे रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा किया कि कार्यपालक पदाधिकारी के साथ मारपीट में रंजन कुमार भी शामिल था। उसके शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं। कार्यपालक पदाधिकारी के परिजनों ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया है।

मोटे मुनाफे का झांसा दे नागपुर के कारोबारी से 2.48 करोड़ ठगे
शेयर बाजार में निवेश पर मोटे रिटर्न देने का झांसा देकर कुछ लोगों ने नागपुर के फूड एसेंस के पूर्व थोक विक्रेता मोती दुलारमणि से 2.48 करोड़ की ठगी की। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुलारमणि ने फेसबुक पर निवेश पर 15-20 प्रतिशत रिटर्न का वादा करने वाला एक विज्ञापन देखा था। उन्होंने पिछले साल 11 नवंबर से इस साल 8 जनवरी के बीच दुलारमणि ने 2.75 करोड़ का निवेश किया। इसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप गोलमोल जवाब देने पर दुलारमणि ने मामला दर्ज कराया।

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में छह साइबर अपराधी गिरफ्तार
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने कहा कि प्रतिबिंब एप पर आरोपियों की ओर से धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे चार मोबाइल फोन नंबरों का पता लगने के बाद एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और घाटशिला उप-मंडल के पूर्णपानी गांव से छह लोगों को गिरफ्तार किया।

खैरा की जमानत के खिलाफ पंजाब सरकार की याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने 2015 एनडीपीएस एक्ट के तहत कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को जमानत देने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार की अपील बृहस्पतिवार को खारिज कर दी। जस्टिस बेला एम त्रिवेदी और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ ने कहा कि वह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के 4 जनवरी के आदेश में हस्तक्षेप करने के इच्छुक नहीं हैं। 

खिचड़ी घोटाला ः आदित्य का करीबी 22 तक ईडी हिरासत में
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे के करीबी सूरज चव्हाण पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिकंजा कस दिया है। सूरज पर कोरोना महामारी के दौरान खिचड़ी घोटाले में शामिल होने का आरोप है। ईडी ने सूरज को लंबी पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 22 जनवरी तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। 

राष्ट्रीय तकनीकी कपड़ा मिशन में 11 अनुसंधान परियोजनाओं को मंजूरी
केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रीय तकनीकी कपड़ा मिशन की समीक्षा बैठक में बुधवार को 11 अनुसंधान व विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। विभिन्न क्षेत्रों की इन 11 परियोजनाओं के लिए 103 करोड़ भी दिए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने तकनीकी कपड़ा उत्पादों के स्वदेशी विकास पर जोर दिया। कपड़ा मंत्रालय ने जिन 11 परियोजना प्रस्तावों को मंजूरी दी, उनमें नौ अनुसंधान व विकास, एक मशीन विकास और एक उपकरण विकास की परियोजना शामिल है। इसके अलावा तकनीकी कपड़ा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रणनीतिक अनुप्रयोगों के लिए उच्च शक्ति वाले कार्बन फाइबर के विकास पर आधारित परियोजना भी है।

गुजरात फर्जी मुठभेड़...सरकार ने चुनिंदा जनहित पर उठाए सवाल
गुजरात सरकार ने बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि राज्य में 2002 से 2006 तक हुई फर्जी मुठभेड़ों की जांच का आग्रह करने वाले याचिकाकर्ताओं को इस मुद्दे को उठाने के लिए अपने ‘चुनिंदा जनहित’ के कारण बताने की जरूरत है।

जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ 2007 में वरिष्ठ पत्रकार बी जी वर्गीज, मशहूर गीतकार जावेद अख्तर और शबनम हाशमी द्वारा दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें फर्जी मुठभेड़ों की जांच का अनुरोध किया गया था। गुजरात की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि अन्य राज्यों में भी मुठभेड़ हुई हैं। उन्होंने पीठ से कहा, याचिकाकर्ता कहते हैं कि हम गुजरात राज्य में एक विशेष अवधि के दौरान कुछ मुठभेड़ों की जांच चाहते हैं। चुनिंदा रुख वाली यह जनहित याचिका क्यों? उन्हें इसका जवाब देना होगा। मेहता ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को अपने इस चुनिंदा जनहित के बारे में अदालत को संतुष्ट करना होगा।

दुस्साहस...बदमाशों ने एएसआई को थाने के सामने कुचला, मौत
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया में बोलेरो में डीजल भरवाने के बाद पंपकर्मी की पिटाई कर भाग रहे बदमाशों ने थाने के सामने ही एएसआई को कुचलकर मार डाला। एएसपी के मुताबिक माहुलझिर थाने के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) नरेश शर्मा को डायल 100 से सूचना मिली थी कि कुछ लोग न्यूटन पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद रुपये दिए बिना मारपीट कर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही शर्मा थाने के सामने वाहन को रोकने का प्रयास करने लगे। चालक ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और भाग निकला। बाद में पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

कर्नाटक : संरक्षित मस्जिद में अवैध मदरसा, केंद्र व राज्य से मांगा जवाब
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने उस जनहित याचिका पर राज्य और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है, जिसमें आरोप है कि मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम में ऐतिहासिक जुमा मस्जिद के परिसर में अवैध मदरसा चल रहा है। यह मस्जिद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित है। मुख्य न्यायाधीश प्रसन्ना बी वराले और न्यायमूर्ति कृष्ण एस दीक्षित की खंडपीठ ने बुधवार को इस मामले की सुनवाई की और परिवादियों को नोटिस जारी किया।


केरल : सहपाठी के निलंबन पर छात्र ने प्रोफेसर को मारा चाकू
केरल के एक सरकारी कॉलेज में छात्र ने सहपाठी के निलंबन से नाराज होकर प्रोफेसर को ही चाकू माककर घायल कर दिया। मामला महाराजा कॉलेज के अरबी अनुसंधान विभाग का है। पुलिस ने कहा कि बुधवार को हुई इस घटना के संबंध में विभाग के सहायक प्रोफेसर निजामुद्दीन केएम ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि मोहम्मद राशिद ने एक छात्र के निलंबन पर पहले उनसे बहस की और उसके बाद गुस्से में पीछे से किसी चाकू मार दिया। पुलिस ने कहा, आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed