{"_id":"5ff283a78ebc3e40fd314e13","slug":"coronavirus-vaccine-serum-institute-of-india-ceo-says-private-hospitals-companies-may-get-covishield-by-march","type":"story","status":"publish","title_hn":"Covid-19 vaccine: सौ मिलियन खुराक तक 200 रुपये प्रति शॉट मिलेगी, फिर होगी इतनी कीमत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Covid-19 vaccine: सौ मिलियन खुराक तक 200 रुपये प्रति शॉट मिलेगी, फिर होगी इतनी कीमत
Mon, 04 Jan 2021 02:46 PM IST
Sneha Baluni
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Sneha Baluni
Updated Mon, 04 Jan 2021 02:46 PM IST
विज्ञापन
अदार पूनावाला (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook/Bennett University
सरकार ने पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (सीआईआई) की कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड को मंजूरी दे दी है। इससे न केवल स्वास्थ्यकर्मी और 'प्राथमिकता वाली' आबादी बल्कि निजी व्यक्ति भी काफी खुश हैं। वहीं सीआईआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला का कहना है कि कोविशील्ड पूरी तरह से सुरक्षित है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सरकार को 200 प्रति डोज के हिसाब से वैक्सीन दी जाएगी। निजी कंपनियों को इसके लिए एक हजार रुपये चुकाने होंगे। वैक्सीन लगाने के बाद हो सकता है कि लोगों को एक-दो दिन बुखार आए, हल्का सिर दर्द हो। दो या तीन महीने बाद वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। वैक्सीन लगाने के बाद भी लोगों को मास्क लगाना होगा।
विज्ञापन
पूनावाला ने रविवार को कहा कि सरकार की 50-60 मिलियन (पांच-छह करोड़) खुराक की पहली किश्त की आपूर्ति करने के बाद हम मार्च तक निजी अस्पतालों, कंपनियों और प्राइवेट लोगों को कोविशिल्ड मुहैया करा सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सौ मिलियन खुराक तक 200 रुपये प्रति शॉट की विशेष कीमत रहेगी।
विज्ञापन
पूनावाला का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने सीरम की वैक्सीन को 'शर्तों के अधीन आपातकालीन स्थिति में प्रतिबंधित उपयोग' की मंजूरी दी है। कंपनी शुरुआत में वैक्सीन की आपूर्ति विशेष रूप से सरकार को करेगी और निजी बाजार में नहीं बेचेगी। वैक्सीन को निर्यात करने की अनुमति नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- कोरोना ने बनाए नए धनकुबेर, वैक्सीन बनानी वाली कंपनियों के लिए 'सोने के अंडे देने वाली मुर्गी'
वैक्सीन को लेकर विश्वास कायम करने के लिए पूनावाला का कहना है कि औपचारिक अनुमति मिलने के बाद वह इस हफ्ते खुद शॉट लेने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए लगभग 100 मिलियन खुराक (10 करोड़) के लिए 200 रुपये प्रति शॉट की 'विशेष' कीमत है। निजी बाजार में इसकी कीमत लगभग 1,000 रुपये होगी। पूनावाला ने कहा, 'हम आदेश के बाद सात से 10 दिनों में डिलीवरी शुरू करने की उम्मीद करते हैं। सरकार ने संकेत दिया कि है कि उन्हें महीने में 50-60 मिलियन खुराक या एक सप्ताह में 10-15 मिलियन (एक-डेढ़ करोड़) खुराक की आवश्यकता होगी।'
उन्होंने कहा, 'अंतिम आदेश सहित सरकार से औपचारिक पत्र की अभी प्रतिक्षा है। इसलिए सरकार द्वारा 'कमजोर और जरूरतमंद' को शॉट प्रदान करने की प्रारंभिक आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद हम इसे अस्पतालों और कंपनियों को निजी उपयोग के लिए प्रदान करेंगे। हम शॉट की दो पूर्ण खुराक के बीच एक लंबे अंतराल (ढाई महीने) की सिफारिश करेंगे क्योंकि यह 90 प्रतिशत के स्तर तक प्रभावकारिता लेता है।' उन्होंने कहा कि यदि आप लगभग तीन महीने तक प्रतीक्षा करते हैं तो प्रभावकारिता में सुधार होता है।