Kunal Kamra Row: कुणाल कामरा के बयान पर बवाल जारी, उद्धव के बाद अब आदित्य ठाकरे ने भी किया कॉमेडियन का बचाव
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के बयान ने महाराष्ट्र में सियासी पारा हाई कर रखा है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब उनके बचाव में यूबीटी शिवसेना सीधे तौर पर सामने आ गई है। जहां उद्धव ठाकरे के बाद अब कामरा के बचाव में आदित्य ठाकरे भी आ गए है। उन्होंने कुणाल कामरा को शिंदे समर्थकों द्वारा देशद्रोही बताने पर पलटवार भी किया है।
विस्तार
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा को लेकर महाराष्ट्र में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में पक्ष-विपक्ष आपने सामने है। एक तरफ जहां सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन दलों के नेता कामरा के बयान से नाराजगी जताते हुए उनका विरोध कर रहे है। तो दूसरी ओर यूबीटी शिवसेना कुणाल कामरा के समर्थन में आ गई है। जहां यूबीटी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बाद अब उनके बेटे आदित्य ठाकरे भी कामरा के बचाव में आ गए हैं।
कामरा के बचाव में आए आदित्य ठाकरे
शिवसेना-यूबीटी विधायक आदित्य ठाकरे ने कुणाल कामरा के बयान पर उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि कुणाल कामरा ने किसी का नाम नहीं लिया था, फिर भी एकनाथ शिंदे के समर्थकों ने उसे देशद्रोही और चोर क्यों कहा? साथ ही उन्होंने सवाल किया कि यह निर्णय कब लिया गया कि कुणाल कामरा देशद्रोही और चोर हैं? आदित्य ने यह भी कहा कि जब कुणाल कामरा ने मोदी जी और उनकी पार्टी के बारे में भी टिप्पणियां की थीं, तब किसी ने भी ऐसी प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन अब जब उसने कुछ कहा, तो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके समर्थकों ने उसे इस तरह की गाली-गलौच दी।
ये भी पढ़ें:- Kunal Kamra Row: उद्धव बोले- कामरा ने कुछ भी गलत नहीं किया; अजित ने कहा- बयान कानून के दायरे में देने चाहिए
कामरा के विरोध में तोड़फोड़ पर भी बोले आदित्य
इसके साथ ही आदित्य ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने नागपुर में तोड़फोड़ करने वालों से नुकसान की भरपाई करने की बात कही थी, तो क्या कल होने वाली तोड़फोड़ की भरपाई भी की जाएगी? आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री से यह अपील की कि उन्हें यह समझने की जरूरत है कि असल में उन्हें कौन कम आंक रहा है... क्या यह विपक्ष है या उनके अपने दोस्त?
कामरा को माफ़ी क्यों मांगनी चाहिए?- आदित्य
साथ ही कामरा के माफी मांगने की बात पर आदित्य ठाकरे ने कहा कि कुणाल कामरा को क्यों माफी मांगनी चाहिए?, उन्होंने एकनाथ शिंदे की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर एकनाथ शिंदे देशद्रोही और चोर हैं तो कुणाल कामरा को माफी मांगनी चाहिए। हालांकि आदित्य ने ये भी कहा कि इसके लिए पहले एकनाथ शिंदे को पहले जवाब देना चाहिए कि वह देशद्रोही और चोर हैं या नहीं।
उद्धव ठाकरे ने भी किया था बचाव
इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि विवादित बयान देकर फंसे स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्होंने दक्षिण मुंबई में विधान भवन में संवाददाताओं से कहा, 'कामरा ने केवल अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने तथ्य बताए और जनता की राय को आवाज दी।'
ये भी पढ़ें:- Lok Sabha: 'खुसरो और तुलसीदास के जन्मस्थान ASI के तहत संरक्षित स्मारक नहीं', लोकसभा में गजेंद्र सिंह का जवाब
एक नजर पूरे मामला..
दरअसल, स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने शो में शिंदे पर उनका नाम लिए बिना विवादित टिप्पणी की थी। इस पर भड़के शिवसैनिकों ने जहां शो का आयोजन किया गया था, वहां धावा बोल दिया था। दरअसल, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की थी।
इस होटल में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के शो की शूटिंग हुई थी, जिसमें उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बिना नाम लिए कटाक्ष करते हुए उन्हें गद्दार बोला था। इसके बाद शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई। विवादित टिप्पणी मामले में कामरा पर भी मामला दर्ज किया गया है।