{"_id":"5ba73df1867a557f015d27e7","slug":"congress-will-conduct-door-to-door-campaign-asking-for-vote-and-fund-from-people","type":"story","status":"publish","title_hn":"वोट के साथ ही जनता से चंदा मांगेगी कांग्रेस, 2 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर पहुंचो अभियान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
वोट के साथ ही जनता से चंदा मांगेगी कांग्रेस, 2 अक्टूबर से शुरू होगा घर-घर पहुंचो अभियान
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 23 Sep 2018 12:47 PM IST
विज्ञापन
कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस 2 अक्टूबर से घर-घर पहुंचो संपर्क अभियान शुरू करने वाली है। जिसमें वह लोगों से वोट के साथ ही चुनावी चंदा भी मांगेगी। पार्टी ने दो अक्टूबर से 19 नवम्बर तक चलने वाले इस अभियान को 'लोक संपर्क अभियान' नाम दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा स्वीकृत इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर वोट मांगेंगे और साथ ही लोगों से कांग्रेस को चंदा भी देने का आग्रह करेंगे।
विज्ञापन
पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने हाल ही में सभी राज्य प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों को 'लोक संपर्क अभियान' का ब्यौरा भेजा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश अध्यक्षों से कहा गया है कि वे इस पूरे अभियान की निगरानी करें तथा आमुख संगठनों (फ्रंटल ऑर्गनाइजेशंस) को निर्देश दिया गया है कि वे इसमें में बढ़चढ़कर हिस्सा लें। सूत्रों के मुताबिक, चंदे के लिए पार्टी की सभी प्रदेश इकाइयों को रसीद पुस्तिकाएं भी भेज दी गयी हैं।
विज्ञापन
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व ने हर साल जनवरी महीने में इस तरह का अभियान चलाने का फैसला किया है, लेकिन लोकसभा चुनाव में कुछ महीने बचे होने की वजह से अगले महीने ही यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) जेडी सीलम ने 'लोक संपर्क अभियान' के दो अक्तूबर से शुरू होने की पुष्टि की है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, 'इस अभियान के तहत कांग्रेसजन जनता से संपर्क करेंगे और पार्टी के लिए वोट मांगने के साथ वित्तीय सहायता का भी आग्रह करेंगे। जनता की तरफ जो भी राशि मिलेगी, उसे हम स्वीकार करेंगे।' उन्होंने कहा, 'हम जनता की मदद से चुनाव लड़ेंगे और जनता के लिए ही काम करेंगे। कॉरपोरेट की मदद से चुनाव लड़ने वालों की स्थिति आप देख रहे हैं कि वो किस तरह से कारपोरेट के लिए ही काम कर रहे हैं।'
कांग्रेस नेतृत्व ने यह भी तय किया है कि इस 'घर-घर पहुंचो' अभियान से जो भी राशि मिलेगी उसमें से 50 फीसदी हिस्सा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को, 25 फीसदी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को, 15 फीसदी जिला कांग्रेस कमेटी को और 10 फीसदी हिस्सा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पास जाएगा। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के लिए चुनावी चंदा संग्रह की यह योजना पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल के नेतृत्व में बनी और हाल ही में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे स्वीकृति प्रदान की।