Congress: कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए जारी की दूसरी लिस्ट; 23 प्रत्याशियों के नामों का एलान
कांग्रेस ने मुंबई की तीन सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। कालू बधेलिया कांदिवली ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे जहां उनका मुकाबला भाजपा के अतुल भातखलकर से होगा, यशवंत सिंह चारकोप से भाजपा के योगेश सागर से और गणेश यादव सायन कोलीवाड़ा से भाजपा के तमिल सेल्वन से मुकाबला करेंगे।
विस्तार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 23 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया गया है। इससे पहले कांग्रेस ने गुरुवार को महाराष्ट्र चुनावों के लिए अपनी पहली लिस्ट में 48 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था। अब दूसरी लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। इस तरह कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए कुल 71 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। दूसरी लिस्ट के अनुसार, कांग्रेस ने जलगांव (जमोद) से स्वाति संदीप वाकेकर और भुसावल सीट से डॉ. राजेश तुकाराम मनवंतकार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
दूसरी सूची में नए उम्मीदवारों को मौका
कांग्रेस की दूसरी सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है और सिर्फ जालना सीट पर ही मौजूदा विधायक कैलाश गोरंट्याल को मौका दिया गया है। इस सूची में तीन महिला उम्मीदवारों का नाम है। दूसरी सूची में 23 सीटों में से कई सीटें विदर्भ क्षेत्र की हैं। नागपुर दक्षिण सीट कांग्रेस के खाते में गई है। इस सीट से गिरीश पांडव को पार्टी ने टिकट दिया है। कांग्रेस नेता सुनील केदार की पत्नी अनुजा को नागपुर जिले की सावनेर सीट से चुनाव मैदान में उतरा गया है। सुनील केदार को एक मामले में दोषी ठहराया गया था और उन्हें विधायक पद से हटना पड़ा था। उनकी अपील अभी भी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। पूर्व मंत्री वसंत पुरके अपनी पारंपरिक रालेगांव सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस ने मुंबई की तीन सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। कालू बधेलिया कांदिवली ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे जहां उनका मुकाबला भाजपा के अतुल भातखलकर से होगा, यशवंत सिंह चारकोप से भाजपा के योगेश सागर से और गणेश यादव सायन कोलीवाड़ा से भाजपा के तमिल सेल्वन से मुकाबला करेंगे। वरिष्ठ पार्टी नेता शिवाजीराव मोघे के बेटे जितेन्द्र अरणी (एसटी) सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं शेखर शेंडे वर्धा से चुनाव लड़ेंगे। भंडारा से पूजा गणेश थावकर, यवतमाल से अनिल बालासाहेब मुंगालकर को टिकट दिया है। जालना से कैलाश किशनराव, वसई से विजय गोविंद पाटिल को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर कृष्णराव बावनकुले के खिलाफ नागपुर जिले के कामठी सीट से यादवराव भोयर को टिकट दिया है।
पहली लिस्ट में मौजूदा विधायकों की रही थी प्रमुखता
कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 25 मौजूदा विधायकों को बरकरार रखा है। 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, शिवसेना यूबीटी और राकांपा एसपी के साथ मिलकर महा विकास अघाड़ी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है। राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से तीनों पार्टियों ने 85-85-85 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। वहीं कुछ सीटों पर अभी सहमति बननी बाकी है। 18 सीटें अन्य सहयोगी दलों सपा, सीपीआईएम आदि को देने की बात कही गई है। कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली सूची में, पूर्व मंत्री नितिन राउत और बालासाहेब थोराट को क्रमशः नागपुर उत्तर और संगमनेर से, ज्योति एकनाथ गायकवाड़ को धारावी से, अमित देशमुख को लातूर शहर से और धीरज देशमुख को लातूर ग्रामीण से मैदान में उतारा है।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.