Congress: ‘विधानसभा और राज्यसभा चुनाव में दिया जाएगा मौका’, नसीम खान के इस्तीफे पर बोले कांग्रेस अध्यक्ष खरगे
असम की राजधानी गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव और राज्यसभा चुनाव भी होने वाले हैं, उन्हें इसका मुआवजा मिलेगा।
विस्तार
कांग्रेस नेता मोहम्मद आरिफ 'नसीम' खान के इस्तीफे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गलतफहमी के कारण उन्होंने किसी भी मुस्लिम को उम्मीदवार नहीं बनाने पर नाराजगी व्यक्त की थी। असम की राजधानी गुवाहाटी में एक संवादाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव और राज्यसभा चुनाव भी होने वाले हैं, उस वक्त उनकी बात पर ध्यान दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इस दौरान किसी नेता का नाम नहीं लिया। महाराष्ट्र में कांग्रेस महाविकास अघाड़ी में शामिल है, जिसमें दो और भी राजनीतिक दल शामिल हैं। सभी फैसले आपसी सामंजस्य से लिया गया है। इसलिए यह कहना गलता है कि पार्टी ने किसी मुस्लिम को उम्मीदवार नहीं बनाया है।
वर्षा गायकवाड़ ने भी की मुलाकात
मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को खान से मुलाकात की। खान और गायकवाड़ के बीच 25 मिनट तक चर्चा हुई। खान ने कहा कि वह पार्टी के लिए प्रचार नहीं करने के अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि गायकवाड़ मेरी छोटी बहन हैं और कभी भी मुझसे मिल सकती हैं। मैं अपने रुख पर कायम हूं। न केवल महाराष्ट्र में, बल्कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी कोई (कांग्रेस) मुस्लिम उम्मीदवार नहीं है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो खान खुद मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे लेकिन पार्टी ने गायकवाड़ को टिकट दे दिया।
कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने भी मामले में की टिप्पणी
#WATCH | Maharashtra: On resignation of Congress leader Mohammed Arif Naseem Khan as a star campaigner of the party, party MLA Amin Patel says, "As far as representation of minorities is concerned, all Muslim leaders of Maharashtra - Naseem Khan, Aslam Shaikh, I - had spoken with… pic.twitter.com/bbIH90nQwx
— ANI (@ANI) April 27, 2024
एआईएमआईएम नेता भी समर्थन में आए
मामले में एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कहा कि इंडी गठबंधन ने महाराष्ट्र की 48 में से एक भी लोकसभा सीट पर मुस्लिम को टिकट नहीं दिया। राज्य में 48 सीटें हैं। कम से कम तीन सीटें तो मुस्लिमों को दी जानी चाहिए थी। आपको 90 प्रतिशत मुस्लिम वोट चाहिए लेकिन उनके राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कुछ नहीं करना चाहते।
यह है पूरा मामला
एक दिन पहले, खान ने मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर कहा था कि वे लोकसभा चुनाव में प्रचार नहीं करेंगे। क्योंकि महा विकास अघाड़ी गुट ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को नहीं उतारा है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। पत्र में उन्होंने लिखा कि प्रदेशभर में कई मुस्लिम संगठन, नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि कांग्रेस अल्पसंख्यक समुदाय से कम से कम एक उम्मीदवार को टिकट तो जरूर देगी। लेकिन एक को भी टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी लिखा कि जब कांग्रेस मुस्लिम से वोट चाहती है, तो मुस्लिम उम्मीदवार क्यों नहीं उतार रही।