Foxconn: फॉक्सकॉन के फैसले पर कांग्रेस का भाजपा पर तंज, कहा- बनाई गई सुर्खियों पर भरोसा नहीं करना चाहिए
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए कहा कि परियोजना की घोषणा के समय का प्रचार याद है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दावा किया था कि एक लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी। वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन में हस्ताक्षरित कई एमओयू का यही हश्र हुआ है।
विस्तार
फॉक्सकॉन के बाहर निकलने के फैसले के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि चाहे गुजरात मॉडल हो या न्यू इंडिया कभी भी बनाई गई सुर्खियों पर भरोसा नहीं करना चहिए।
कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए कहा कि परियोजना की घोषणा के समय का प्रचार याद है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दावा किया था कि एक लाख नौकरियां पैदा की जाएंगी। वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन में हस्ताक्षरित कई एमओयू का यही हश्र हुआ है। जयराम ने अगले ट्वीट में कहा कि फॉक्सकॉन-वेदांता बंद हैं। माइक्रोन अभी भी सेमीकंडक्टर चिप असेंबली, पैकेजिंग और परीक्षण के लिए चालू है। रमेश का कहना है कि 2.75 बिलियन अमेरिकी डॉलर में से केवल 30 प्रतिशत ही माइक्रोन दे रही है। बाकी 50 प्रतिशत केंद्र तो 20 प्रतिशत गुजरात सरकार दे रही है। यह काफी बड़ी सब्सिडी होती है।
फॉक्सकॉन ने कहा- वेदांता के साथ संयुक्त उद्यम को आगे नहीं बढ़ाएंगे
होन हाई टेक्नोलॉजी ग्रुप (फॉक्सकॉन) ने कहा, 'फॉक्सकॉन का इस इकाई से कोई संबंध नहीं है और इसका मूल नाम रखने के प्रयासों से भविष्य के हितधारकों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा होगी। वैश्विक अनुबंध आधारित इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता फॉक्सकॉन और वेदांता ने पिछले साल गुजरात में लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले उत्पादन संयंत्र बनाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। फॉक्सकॉन ने सोमवार को एक बयान में कहा, "विकास के अधिक विविध अवसरों का पता लगाने के लिए आपसी समझौते के अनुसार फॉक्सकॉन ने फैसला किया है कि वह वेदांता के साथ संयुक्त उद्यम को आगे नहीं बढ़ाएगा।
मेक इन इंडिया अभियान को समर्थन जारी रहेगा: फाॅक्सकॉन
बयान में कहा गया है कि एक साल से अधिक समय से होन हाई टेक्नोलॉजी ग्रुप (फॉक्सकॉन) और वेदांता ने भारत में समीकंडक्टर निर्माण के विचार को वास्तविकता में लाने के लिए कड़ी मेहनत की है। यह एक उपयोगी अनुभव रहा है जो दोनों कंपनियों को आगे बढ़ने में मजबूती प्रदान करेगा। कंपनी की ओर से कहा गया, "फॉक्सकॉन भारत में सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में विकास की संभावनाओं से आश्वस्त है। हम सरकार के 'मेक इन इंडिया' अभियान का मजबूती से समर्थन करना जारी रखेंगे और हितधारकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए विविध स्थानीय साझेदारों के साथ काम करते रहेंगे।"