Updates: 539 सीटों के लिए नियुक्त किए गए समन्वयक; लोकसभा चुनावों की तैयारियों को धार दे रही कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस अभी से अपनी तैयारियों को धार देने में लगी है। इसी क्रम में कांग्रेस ने रविवार को 539 लोकसभा क्षेत्रों के लिए समन्वयकों की नियुक्ति की है। समन्वयकों के नामों की सूची भी जारी कर दी है। इन समन्वयकों को अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक स्थिति का आकलन करके शीर्ष नेतृत्व को फीडबैक देने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कांग्रेस ने असम प्रदेश कांग्रेस समिति की प्रदेश चुनाव समिति का भी गठन किया। इसके अध्यक्ष भूपेन बोरा व उपाध्यक्ष देवब्रत सैकिया होंगे। समिति में अतिरिक्त चार पदेन सदस्यों के साथ 38 सदस्य हैं।
कांग्रेस ने त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस समिति में छह उपाध्यक्ष, सात महासचिव और 19 सचिव भी नियुक्त किए हैं। त्रिपुरा इकाई में एक कोषाध्यक्ष और 41 कार्यकारी सदस्यों की भी नियुक्ति की, जिसके अध्यक्ष आशीष साहा हैं।
महाराष्ट्र में अवैध तरीके से रह रहे तीन बांग्लादेशी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वसई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उनके पास भारत में रहने के लिए वैध दस्तावेज नहीं थे। तीनों को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियमों और विदेशी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नफरती भाषण: भाजपा विधायक नितेश राणे और राजा सिंह पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के सोलापुर में हिंदू जन आक्रोश रैली के दौरान नफरत भरे भाषण देने के आरोप में भाजपा विधायक नितेश राणे और तेलंगाना से पार्टी के विधायक टी राजा सिंह एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जेल रोड पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने रविवार को कहा कि यह रैली शनिवार को राजेंद्र चौक और कन्ना चौक के बीच आयोजित की गई थी, और इसमें सकल हिंदू समाज के नेताओं ने भी भाग लिया था, जिसके पदाधिकारियों का नाम भी प्राथमिकी में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राणे पर आरोप हैं कि उन्होंने रैली में ‘जिहादियों’ और मस्जिदों के विध्वंस का जिक्र किया, वहीं हैदराबाद के गोशामहल से विधायक राजा सिंह ने कथित तौर पर ‘लव जिहाद’ पर आपत्तिजनक बयान दिए। पुलिस ने कहा, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो
भाजपा ने विधायक दोरजी शेरिंग लेप्चा को सिक्किम से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने रविवार को इसका एलान किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 19 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए दोरजी के नाम को मंजूरी दे दी है। 66 वर्षीय लेप्चा अभी पाक्योंग जिले की ग्नथांग माचोंग सीट से विधायक हैं। वह पिछली एसडीएफ सरकार में दो बार मंत्री रहे थे।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की तस्वीर वाला बैनर फाड़ने और इसका विरोध करने वाली महिला से दुर्व्यवहार करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना तीन जनवरी को भिवंडी शहर में मितपाडा क्षेत्र के शेलार गांव में फुले की जयंती पर हुई। क्षेत्र में कुछ महिलाओं द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बैनर लगाए गए थे जिसमें सावित्रीबाई फुले, समाज सुधारक नीलेश सांबरे और शेलार सरपंच किरण चन्ने समेत अन्य लोगों की तस्वीरें थीं।
गुजरात के वलसाड जिले में वन विभाग ने तेंदुए की खाल और नाखूनों के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर इनकी तस्करी का आरोप है। एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि दो आरोपियों को कपराडा रेंज के जंगल से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके लिए वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और स्थानीय वन विभाग की एक टीम नकली ग्राहक बनकर इसके पास गई थी। गिरफ्तार तस्कारों में दो पूर्व सरपंच भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
तेलंगाना के कुमारम भीम आसिफाबाद जिले के कागजनगर जंगल में बाघों के बीच लड़ाई के चलते एक बाघिन मृत पाई गई। मुख्य वन्यजीव वार्डन के कार्यालय के मुताबिक, बाघिन की उम्र करीब डेढ़ वर्ष थी। उसकी गर्दन और पेट पर चोटों के निशान थे। बाघिन का पिछला दाहिना पैर भी टूटा हुआ था। हालांकि, टीम को जाल और बिजली के झटके का उपयोग करके शिकार करने का कोई सबूत नहीं मिला।
भाजपा लोकसभा का चुनाव अभियान बिहार से कर सकती है शुरू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के बेतिया शहर से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत कर सकते हैं। पीएम मोदी 13 जनवरी को बेतिया के रमन मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी के बिहार में सड़कों और पुलों सहित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने की भी उम्मीद है।
भाजपा ने बिहार में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए व्यापक योजना तैयार की है। इसका मकसद राज्य की सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करना है। इसी के तहत प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जनवरी और फरवरी के दौरान राज्य में कई रैलियां करने वाले हैं।
कांग्रेस ने गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर की वार्ता
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को गठबंधन के अन्य नेताओं से संपर्क करने को कहा गया है।
पार्टी ने रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओडिशा इकाई के नेताओं के साथ लोकसभा व विधानसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे पर बात की। पंजाब और दिल्ली में सीटों को लेकर आम आदमी पार्टी के साथ सोमवार को औपचारिक बातचीत होगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय गठबंधन समिति के सदस्य सलमान खुर्शीद ने कहा कि विभिन्न दलों के साथ बैठक हो रही है। हम बैठक में सबसे पहले वहां की सीटों के बारे में अपनी समझ बता रहे हैं और फिर उनसे उनका आकलन पूछ रहे हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ माकपा नेता थाॅमस इसाक को केआईआईएफबी मसाला बांड के वित्तीय लेनदेन में कथित उल्लंघन की जांच से जुड़े फेमा मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। थॉमस को 12 जनवरी को पेश होने को कहा है। एजेंसी ने दिसंबर में केरल हाईकोर्ट को जानकारी दी थी कि उसने इसाक को जारी समन वापस ले लिया है, लेकिन हाईकोर्ट ने कहा था कि ईडी मामले में अपनी जांच जारी रखने के लिए स्वतंत्र है।
खुद को पीएमओ अधिकारी बताने वाले मयंक तिवारी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
खुद को पीएमओ अधिकारी बताकर इंदौर में एक अस्पताल पर बकाया 16 करोड़ न लेने के लिए डॉ. अग्रवाल नेत्र अस्पताल की शृंखला के प्रमोटरों पर दबाव बनाने वाले मयंक तिवारी के खिलाफ सीबीआई ने आरोप पत्र दायर किया। सीबीआई ने मामले में मयंक के अहमदाबाद स्थित ठिकानों की तलाशी ली थी। इस दौरान एजेंसी के अधिकारियों ने कई दस्तावेज जब्त किए थे।
आरोप है कि इंदौर के अस्पताल ने डॉ. अग्रवाल नेत्र अस्पताल शृंखला की फ्रेंचाइजी में शामिल होने के लिए एक समझौता किया था। इसके लिए अस्पताल ने शृंखला से 16 करोड़ से ज्यादा रुपये लिए थे। लेकिन इंदौर के अस्पताल ने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया, जिससे विवाद पैदा हो गया और डॉ. अग्रवाल नेत्र अस्पताल की शृंखला अपने पैसे वापस चाहती थी। तिवारी ने फोन से नेत्र अस्पतालों की चेन के प्रमोटरों से विवाद को निपटाने के लिए दबाव बनाया था। इस मामले के बारे में जब पीएमओ को पता चला तो उसने सीबीआई जांच के निर्देश दिए। सीबीआई को जांच में पता चला कि यह पीएमओ के नाम के दुरुपयोग का मामला है। पीएमओ ने अपनी शिकायत में बताया कि मयंक तिवारी पीएमओ में बताए गए पद पर कार्यरत नहीं है।
भाजपा के सुकांत मजूमदार, शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे समेत पांच लोकसभा सांसदों को इस साल संसद रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। आयोजकों ने रविवार को इसका एलान किया। अन्य तीन सांसद भाजपा के सुधीर गुप्ता, एनसीपी के अमोल रामसिंग कोल्हे और कांग्रेस के कुलदीप राय शर्मा हैं।
पांचों सांसदों को 17 फरवरी को एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। संसद रत्न पुरस्कार प्रतिवर्ष बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सांसदों को दिए जाते हैं, जबकि संसद महा रत्न लोकसभा के कार्यकाल के दौरान प्रदर्शन में निरंतरता के लिए पांच साल में एक बार प्रदान किए जाते हैं। चेन्नई स्थित एनजीओ प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन ने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कहने पर इन सम्मान की शुरुआत की थी। कलाम ने खुद 2010 में चेन्नई में पहले पुरस्कार समारोह का उद्घाटन किया था।
देश में दर्ज किए गए कोविड के 756 नए मामले, पांच की मौत
देश में रविवार को कोविड के 756 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 4,049 पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे में कोविड से पांच मौतें हुई हैं, जिसमें केरल और महाराष्ट्र से दो-दो और जम्मू-कश्मीर से एक मामला शामिल है। पिछले साल 5 दिसंबर कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या घटकर दोहरे अंक में आ गई थी, लेकिन नए स्वरूप के सामने आने और ठंड के बाद मामले फिर से बढ़ने लगे।