{"_id":"630da009c03a1e7bba0be2a0","slug":"communal-clash-in-vadodara-during-ganesh-procession-13-held","type":"story","status":"publish","title_hn":"Communal Clash: वडोदरा में सांप्रदायिक तनाव, गणेश प्रतिमा जुलूस के दौरान झड़प, 13 गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Communal Clash: वडोदरा में सांप्रदायिक तनाव, गणेश प्रतिमा जुलूस के दौरान झड़प, 13 गिरफ्तार
Tue, 30 Aug 2022 10:58 AM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वडोदरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वडोदरा
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Tue, 30 Aug 2022 10:58 AM IST
सार
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात हुई। वडोदरा के पुलिस थाने में दोनों पक्षों के सदस्यों के खिलाफ दंगा करने और गैरकानूनी तरीके से एकत्रित होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन
वडोदरा में सोमवार रात दो गुटों में झड़प के बाद पथराव हुआ।
- फोटो : ANI
विस्तार
गुजरात के वडोदरा शहर में एक संवेदनशील इलाके से भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर जा रहे एक जुलूस के गुजरने के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। दोनों ओर से पथराव किया गया, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात हुई। वडोदरा के सिटी पुलिस थाने में दोनों पक्षों के सदस्यों के खिलाफ दंगा करने और गैरकानूनी तरीके से एकत्रित होने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह झड़प सिटी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पानीगेट दरवाजा क्षेत्र में हुई। विवाद की शुरुआत किसी बात को लेकर बहस से हुई और फिर पथराव शुरू हो गया।
विज्ञापन
एक धर्मस्थल के कांच फूट गए
पानीगेट दरवाजा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील मांडवी इलाके में आता है। सोमवार रात करीब 11.15 बजे गणेश प्रतिमा एक जुलूस के रूप में ले जाई जा रही थी। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद दोनों समुदायों के बीच तनाव में बदल गया। देखते देखते पथराव शुरू हो गया। गनीमत रही कि पथराव में किसी को चोट नहीं आई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान पत्थर लगने से एक धर्मस्थल के कांच फूट गए।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा कि घटना को लेकर भादंवि की धारा 143 (गैरकानूनी जमावड़ा), 147 (दंगा), 336 (मानव जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना), 295 (पूजा स्थल को अपवित्र करने) समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त की जा रही है।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
वडोदरा के संयुक्त पुलिस आयुक्त चिराग कोराडिया ने मीडिया को बताया कि स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। अपराध शाखा घटना की जांच कर रही है। लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।