भाजपा से मिली है माकपा, त्रिपुरा दिया ही बंगाल के वोट भी उसकी झोली में डाल दिए : ममता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने माकपा (मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी) पर भाजपा के साथ मिले होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि माकपा राज्य में भगवा पार्टी के उभार में सहायता कर रही है। तृणमूल कांग्रेस के मुखपत्र 'जागो बांग्ला' के ताजा अंक में अपने एक लेख में उन्होंने कहा है कि त्रिपुरा में माकपा काडरों पर भाजपा के अत्याचार के बावजूद पार्टी चुप्पी साधे बैठी है।
ममता ने कहा कि भाजपा के अत्याचारों का विरोध करने की बजाय माकपा ने तृणमूल कांग्रेस सरकार की छवि धूमिल करने के लिए भाजपा से हाथ मिला लिया है। माकपा ने न सिर्फ त्रिपुरा को तश्तरी में रख कर भाजपा को तोहफे में दे दिया, बल्कि अब उसने बंगाल में अपने वोट भी उसकी झोली में डाल दिए हैं। माकपा के वोटों की वजह से ही लोकसभा चुनावों में भाजपा को कामयाबी हासिल हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे माकपा के रवैये से हैरत में हैं। त्रिपुरा भाजपा को सौंपने के बाद पार्टी के नेता व कार्यकर्ता हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। माकपा के बाहुबली अब भाजपा की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा के वोटों से कुछ सीटें जीत कर भाजपा बंगाल में आतंक फैलाना चाहती है।
जबकि माकपा महज दिखावे के लिए भाजपा का विरोध कर रही है। अगर वामपंथी दल भाजपा की बढ़त रोकने के मुद्दे पर गंभीर होते तो उनकी (ममता की) सरकार के खिलाफ आंदोलन की बजाय वे त्रिपुरा के मुद्दे पर सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे होते।
भाजपा ने कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में दिया धरना
बंगाल में अपने कई कार्यकर्ताओं की हुई कथित हत्याओं के विरोध में प्रदेश भाजपा ने शनिवार को यहां धरना दिया। पार्टी का दावा है कि बीते एक सप्ताह में राज्य के विभिन्न हिस्सों में उनके आठ कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। इनमें मुर्शिदाबाद जिले में हुई तीन हत्याएं शामिल नहीं हैं।
मुर्शिदाबाद में एक स्कूल शिक्षक बंधु प्रकाश पाल की परिवार समेत हत्या हो गई थी। भाजपा और संघ ने पाल को अपना कार्यकर्ता बताया था। लेकिन पुलिस ने कहा है कि इस तिहरे हत्याकांड का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में रोजाना किसी न किसी भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो रही है। सरकार का आम लोगों से संपर्क खत्म हो चुका है। वह (ममता बनर्जी) आतंक की मदद से सरकार चलाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ममता को सत्ता से हटाने तक संघर्ष जारी रखेगी।