{"_id":"6afae6f611b205b21604898d","slug":"cm-fadnavis-seeks-amit-shah-s-intervention-to-speed-up-ajit-pawar-plane-crash-probe-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"अजित पवार की मौत हादसा या साजिश?: फडणवीस ने अमित शाह से जल्द जांच के लिए मांगी मदद, कहा- रिपोर्ट हो सार्वजनिक","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अजित पवार की मौत हादसा या साजिश?: फडणवीस ने अमित शाह से जल्द जांच के लिए मांगी मदद, कहा- रिपोर्ट हो सार्वजनिक
Mon, 16 Nov 2026 04:50 PM IST
राहुल कुमार
पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली।
Published by: राहुल कुमार
Updated Mon, 16 Nov 2026 04:50 PM IST
सार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार विमान हादसे की जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। अब सवाल है कि विमान हादसे के पीछे आखिर क्या वजह थी?
विज्ञापन
गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : ANI
विस्तार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अजित पवार विमान हादसे की जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों और आशंकाओं का जवाब मिल सके। फडणवीस पुणे जिला परिषद (जेडपी) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान अमित शाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। जिला परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार का नाम भी अजित पवार के नाम पर रखा गया है।
विज्ञापन
28 जनवरी को हुआ था विमान हादसा
मुंबई से बारामती जा रहा लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित इस विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच महाराष्ट्र सीआईडी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत आने वाला विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अलग-अलग कर रहे हैं।
विज्ञापन
फडणवीस ने कहा कि हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। उन्होंने कहा, "आठ से 10 महीने बीत चुके हैं और बड़े स्तर पर जांच चल रही है। अलग-अलग देशों की टीमें और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी इसमें मदद कर रही हैं। हालांकि, महाराष्ट्र के आम लोगों के मन में जो भ्रम और आशंकाएं हैं, उनका समाधान होना चाहिए। जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सामने आनी चाहिए।"
विज्ञापन
'लोग जानना चाहते हैं कि आखिर हुआ क्या था'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने खुद अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, "लोग जानना चाहते हैं कि आखिर हुआ क्या था। क्या यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी? अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। और अगर यह दुर्घटना थी, तो कम से कम आम लोगों के मन में उठ रहे सवालों और उनकी पीड़ा का समाधान होना चाहिए।"
फडणवीस के मुताबिक, अमित शाह ने उन्हें भरोसा दिया है कि वह खुद इस मामले को देखेंगे और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से चल रही जांच की रिपोर्ट जल्द जारी कराने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि शाह के हस्तक्षेप से जांच में तेजी आएगी और लोगों को उनके सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
पुणे के विकास में अजित पवार का योगदान याद किया
फडणवीस ने अजित पवार के योगदान को याद करते हुए कहा कि पुणे जिले के विकास और जिला परिषद समेत स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की ओर से उनकी प्रतिमा स्थापित करने और प्रवेश द्वार का नाम उनके नाम पर रखने का फैसला उनके प्रति उचित सम्मान है।मुख्यमंत्री ने कहा, "पुणे जिले के विकास में अजित दादा के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। जिले की तरक्की का कोई भी लेखा-जोखा उनके योगदान को समर्पित एक स्वर्णिम अध्याय के बिना अधूरा रहेगा।उन्होंने अजित पवार को मजबूत, अनुशासित और फैसले लेने में सक्षम नेता बताया। फडणवीस ने कहा कि प्रशासन पर उनकी अच्छी पकड़ थी और वह अपनी बात सीधे तौर पर रखते थे।
उन्होंने कहा, उनके पास सिर्फ दो शब्द थे- हां और ना। अगर वह किसी बात से सहमत होते थे तो पूरी मजबूती से उसके साथ खड़े रहते थे और उसे लागू कराते थे। वहीं, अगर असहमत होते थे तो बिना किसी झिझक के सीधे अपनी बात कह देते थे। फडणवीस ने वित्त मंत्री के तौर पर अजित पवार के कामकाज और वित्तीय अनुशासन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात में भी अजित पवार ने वित्तीय अनुशासन से समझौता नहीं किया। वह सरकारी खर्च में गुणवत्ता और उसके नतीजों पर विशेष जोर देते थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अजित पवार सुबह छह बजे तक काम के लिए तैयार हो जाते थे और अक्सर दिन की शुरुआत में ही सरकारी कामकाज शुरू कर देते थे।
'महाराष्ट्र को उनकी कमी खल रही है'
फडणवीस ने कहा कि अजित पवार अपने सहयोगियों के लिए हमेशा मजबूत सहारा रहे। राज्य में मौजूदा सूखे की स्थिति के बीच उनकी कमी और ज्यादा महसूस हो रही है। उन्होंने कहा, कृषि और ग्रामीण जीवन से उनके गहरे जुड़ाव को देखते हुए, वह सूखे से निपटने के लिए खुद आगे आकर जिम्मेदारी संभालते। हमें उनके सहयोग और मार्गदर्शन की कमी खल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अजित पवार के अचानक निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। उनके कद के नेता की जगह भर पाना मुश्किल होगा।
