प्रियंका का तंज, कहा- गांधी की 150वीं जयंती पर सरकार संविधान की आत्मा छलनी करने वाला विधेयक लाई
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक संसद से पारित होने के बाद गुरुवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला विधेयक उस वक्त लाया गया है जब सरकार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती बनने का ढिंढोरा पीट रही है।
प्रियंका ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान को शेयर करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा जिस समय महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाने का ढिंढोरा पीट रही है उसी दौरान (सरकार) नागरिकता संशोधन विधेयक जैसा भेदभावपूर्ण व संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला विधेयक लाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के विभाजनकारी मंसूबों के खिलाफ कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी।
भाजपा जिस समय महात्मा गांधी की जयंती के 150वर्ष पूरा होने का ढिंढोरा पीट रही है उसी दौरान CAB जैसा भेदभावपूर्ण व संविधान की आत्मा को छलनी करने वाला बिल ला रही है।
विज्ञापन विज्ञापन
भाजपा के विभाजनकारी मंसूबों के ख़िलाफ कांग्रेस पूरी मजबूती से लड़ेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी का वक्तव्य: pic.twitter.com/xU05zmDKa0 — Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 12, 2019
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद से नागरिकता संशोधन विधेयक के पारित होने को भारत के संवैधानिक इतिहास का काला दिन करार देते हुए बुधवार को एक बयान में कहा था कि यह उस भारत की सोच को चुनौती है जिसके लिए राष्ट्र निर्माता लड़े थे।
गौरतलब है कि राज्यसभा ने बुधवार को नागरिकता संशोधन विधेयक को मंजूरी प्रदान की। लोकसभा ने सोमवार रात इस विधेयक को मंजूरी दी थी। इस विधेयक में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने का पात्र बनाने का प्रावधान है।