नागरिकता कानून: असम समेत पूर्वोत्तर में और भड़की विरोध की आग, सीएम बोले- बहुत कम लोगों को होगा फायदा
- 15 बसों को प्रदर्शनकारियों ने फूंका
- संकरेल रेलवे स्टेशन पर आगजनी
- 20 दुकानें भी आग के हवाले
- राष्ट्रीय राजमार्ग 34 और 6 पर चक्काजाम
- 20 ट्रेनें रोकी गईं, 10 से ज्यादा रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ असम समेत पूर्वोत्तर में जहां उग्र प्रदर्शन थमता नजर आ रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल में विरोध और हिंसक होता जा रहा है। मुर्शिदाबाद, उत्तरी 24 परगना और ग्रामीण हावड़ा में हिंसक घटनाओं की खबरें हैं। उधर असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून से बहुत कम लोगों को फायदा होगा, संख्या का खुलासा बाद में किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को सड़कों को जाम करते हुए हावड़ा में कोना एक्सप्रेसवे पर सरकारी और निजी 15 बसों को आग के हवाले कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 6 (मुंबई रोड) और 2 (दिल्ली रोड) को कोलकाता से जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे पर एक पुलिस वैन भी जला दी गई।
हालात की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण पूर्वी जोन में कई स्टेशनों पर आठ एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनें रोक दी गईं। वहीं, हावड़ा से रवाना होने वाली 10 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दिल्ली में भी प्रदर्शनों को देखते हुए एहतियातन जनपथ मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकासी बंद कर दी गई।
हावड़ा जिले के दोमजुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर टायरों को जलाकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण हावड़ा के बागान इलाके में 20 दुकानों को आग लगा दी गई। वहीं, सांकराईल रेलवे स्टेशन का एक हिस्सा भी आग के हवाले कर दिया। यहां एक पुलिस जीप में तोड़फोड़ की गई।
स्टेशन मास्टर के कमरे में तोड़फोड़ की गई और सिग्नल केबिन भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। प्रदर्शनकारियों ने मुर्शिदाबाद में उत्तरी और दक्षिणी बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 34 को ब्लॉक कर दिया और सुती पर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की तीन बसों में जमकर तोड़फोड़ की।
इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। प्रदर्शनकारियों के उपद्रव को देखते हुए रैपिड ऐक्शन फोर्स (आरएएफ) को तैनात की गई है। निमतिता स्टेशन पर भी उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।
जामिया में 5 जनवरी तक छुट्टी, परीक्षाएं रद्द
नागरिकता कानून के विरोध में छात्रों और पुलिस की झड़प के बाद दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने शनिवार को 5 जनवरी तक छुट्टी करने का एलान किया है। विश्वविद्यालय अब छह जनवरी को खुलेगा। वहीं, तनाव को देखते हुए परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।
राजद ने 21 दिसंबर को बिहार बंद बुलाया
लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद ने नागरिकता कानून के विरोध में 21 दिसंबर को बंद बुलाया है। पहले यह 22 दिसंबर को रविवार को होना था, मगर पुलिस भर्ती परीक्षाओं को देखते हुए इसे एक दिन पहले करने का फैसला किया गया।
गोएयर टिकट रद्द करने पर शुल्क नहीं लेगी
एयरलाइंस कंपनी गोएयर ने एलान किया है कि वह यात्रियों से अपने टिकटों को रद्द करने या फिर यात्राओं की तिथियों में बदलाव करने पर कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लेगी। कंपनी ने यह सुविधा रविवार तक के लिए गुवाहाटी से रवाना होने वाली उड़ानों के लिए दी है।
18 को सुप्रीम कोर्ट कर सकता है सुनवाई
नागरिकता (संशोधन) कानून की सांविधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 18 दिसंबर को सुनवाई कर सकता है। वहीं एआईएमआईएम प्रमुख व लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस नेता टीएन प्रथापन ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस कानून को चुनौती दी है।
विपक्ष राष्ट्रहित को नुकसान पहुंचा रहा है: नकवी
विपक्ष राष्ट्रहित को नुकसान पहुंचाने में लगा हुआ है। विपक्ष हमेशा लोगों के हितों को नजरअंदाज करता रहा है और देशभर में भ्रांति फैला रहा है। -मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय मंत्री।
कानून अपने हाथ में न लें। रास्ते रोकने जैसा कोई काम न करें। सरकारी संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाएं। शांति भंग करने वाले सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-ममता बनर्जी, सीएम प. बंगाल