Tax Evasion: भारत ने शीवाज रीगल बनाने वाली फ्रांस की कंपनी से 20.1 अरब का कर भुगतान करने को कहा
Allegation : आईडब्ल्यूएसआर ड्रिंक्स मार्केट के विश्लेषकों का कहना है कि शीवाज रीगल, ग्लैनलिवेट, ब्लेंडर्स प्राइड और 100 पाइपर्स जैसे ब्रांड के साथ पर्नोड का भारतीय शराब बाजार में 17 फीसदी हिस्सेदारी है।
विस्तार
Allegation : भारतीय कर अधिकारियों ने शीवाज रीगल शराब बेचने वाली फ्रांस की दिग्गज कंपनी पर्नोड रिकर्ड से 20.1 अरब रुपये के कर का भुगतान करने को कहा है। इस संबंध में भारतीय कर अधिकारियों ने कंपनी को नोटिस भेजा है। इसमें एक दशक से अधिक समय तक आयातित शराब का कम मूल्यांकन करने का दावा किया गया है।
भारतीय सीमा शुल्क प्राधिकरण ने 27 जून को भेजे नोटिस में कहा कि पर्नोड रिकर्ड इंडिया ने 2009-10 से 2020-21 के दौरान आयातित शराब का कम मूल्यांकन किया। इसकी वजह से उसे कम आयात शुल्क चुकाना पड़ा। इस तरह, कंपनी पर 2020 तक 24.4 करोड़ डॉलर के साथ अतिरिक्त ब्याज बकाया है।
वहीं, कम कीमत वाले आयात की भरपाई के लिए पर्नोड रिकर्ड ने फ्रांस में भारी लाभांश का भुगतान किया। शराब के आयात पर 150 फीसदी टैक्स लगता है, जबकि लाभांश पर इससे कम। उधर, दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी शराब कंपनी ने टैक्स संबंधी मांग को भारतीय कोर्ट में चुनौती दी है। मंगलवार को सुनवाई होनी है। शीवाज रीगल और एब्सल्यूट वोदका बनाने वाली कंपनी का कहना है कि विवादों ने देश में नए निवेश को बाधित किया है।
इसलिए कम मूल्यांकन
प्राधिकरण ने 17 पन्ने के नोटिस में कहा कि आयातित वस्तुओं के संबंध में घोषित मूल्य की सटीकता पर संदेह के पर्याप्त कारण हैं। ऐसा लगता है कि आयात मूल्य इस तरह से तय किया गया है कि होल्डिंग कंपनियों को होने वाले मुनाफे को अधिकतम किया जा सके। यह भी कहा कि पर्नोड को बिल में 2021 से आयात किए जाने वाले विभिन्न माल्ट के इनवॉयस मूल्य में 67.49 फीसदी की वृद्धि करनी चाहिए।
कंपनी ने कहा...आयात शुल्क में भारी कटौती की जरूरत
पर्नोड रिकर्ड इंडिया ने कहा, हमने पूरी पारदर्शिता व नियमों के पालन के साथ काम करने का प्रयास किया है। हम भारतीय अफसरों के सामने अपना पक्ष रख रहे हैं।
- पर्नोड का कहना है कि आयात शुल्क में भारी कटौती होनी चाहिए। प्रत्येक राज्य के स्थानीय कर भी होते हैं, जो कुछ क्षेत्रों में 250 फीसदी तक हैं।
भारतीय शराब बाजार में 17 फीसदी हिस्सेदारी
आईडब्ल्यूएसआर ड्रिंक्स मार्केट के विश्लेषकों का कहना है कि शीवाज रीगल, ग्लैनलिवेट, ब्लेंडर्स प्राइड और 100 पाइपर्स जैसे ब्रांड के साथ पर्नोड का भारतीय शराब बाजार में 17 फीसदी हिस्सेदारी है।
- भारत में पर्नोड को 2020-21 में 2.4 अरब डॉलर का राजस्व मिला था। इसमें आयात शुल्क और राज्यों के टैक्स का 79 फीसदी हिस्सा भी शामिल है। इस दौरान उसकी भारतीय इकाई का शुद्ध लाभ 13 करोड़ डॉलर रहा था।