{"_id":"618a434feb8122647957af51","slug":"central-government-income-of-four-lakh-crores-due-to-increased-oil-price-mamata-banerjee-it-should-distribute-it-among-the-states","type":"story","status":"publish","title_hn":"ममता का दावा: तेल की बढ़ी हुई कीमत से चार लाख करोड़ की आमदनी, 'दीदी' बोलीं- केंद्र सरकार इसे राज्यों में बांटे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
ममता का दावा: तेल की बढ़ी हुई कीमत से चार लाख करोड़ की आमदनी, 'दीदी' बोलीं- केंद्र सरकार इसे राज्यों में बांटे
Tue, 09 Nov 2021 03:15 PM IST
मुकेश कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
Published by: मुकेश कुमार झा
Updated Tue, 09 Nov 2021 03:15 PM IST
सार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल पर लगे कर से चार लाख करोड़ रुपये की आमदनी की है।
विज्ञापन
ममता बनर्जी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि केंद्र सरकार को तेल की बढ़ी हुई कीमतों से चार लाख करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। 'दीदी' ने मांग की है कि केंद्र सरकार इस रकम राज्यों में बराबर बांटे। मुख्यमंत्री ने कहा, 'केंद्र सरकार ने रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल पर लगे कर से चार लाख करोड़ रुपये की आमदनी की। अब वे (भाजपा) राज्यों से वैट की दरें कम करने को कह रहे हैं। राज्यों को पैसा कहां से मिलेगा?' उन्होंने कहा, 'केंद्र को चार लाख करोड़ रुपये राज्यों में बराबर बांट देना चाहिए।' बनर्जी ने कहा कि तमाम वित्तीय संकट के बावजूद राज्य सरकार विभिन्न प्रकार की सब्सिडी दे रही है।
विज्ञापन
ममता ने विधानसभा सत्र के दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में आगामी विधासभा चुनाव के मद्देनजर हाल में पेट्रोल और डीजल में दामों पर उत्पाद शुल्क में कटौती की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, 'जब चुनाव नजदीक आते हैं, तब वे (केंद्र) कीमतें घटाने लगते हैं। चुनाव हो जाने के बाद वे दाम फिर बढ़ा देते हैं। जो हमें तेल की कीमतों पर प्रवचन दे रहे हैं उन्हें पहले इसका जवाब देना चाहिए कि राज्य सरकारों को पैसा कहां से मिलेगा।'
विज्ञापन