राणा कपूर और उसकी पत्नी के खिलाफ सीबीआई की दूसरी एफआईआर
यस बैंक के संस्थापक राणा कपूर और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सीबीआई ने शुक्रवार को राणा और उनकी पत्नी बिंदु के अलावा अवंथा रियलिटी के प्रमोटर गौतम थापर के ठिकानों पर छापा मारा। एजेंसी ने तीनों के खिलाफ नए मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
अधिकारियों ने बताया, जांच एजेंसी ने शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई में कई स्थानों पर छापा मारा। इनमें राणा, उनकी पत्नी बिंदु के आवास, बिंदू से संबंधित ब्लिस एबोड कार्यालय, थापर और उनकी कंपनियों व इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के कार्यालय शामिल हैं। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला अमृता शेरगिल बंगले के सौदे और थापर की कंपनियों से 1,500 करोड़ रुपये की कर्ज वसूली में ढील के लिए रिश्वत लेने से संबंधित है। है। राणा की पत्नी अवंथा ग्रुप की प्रमोटर हैं।
यस बैंक से हटेगी निकासी सीमा, बनेगा नया बोर्ड
नई दिल्ली। संकट में फंसे यस बैंक से जल्द 50 हजार रुपये धन निकासी सीमा हट सकती है। कैबिनेट ने शुक्रवार को यस बैंक के पुनर्गठन की योजना को मंजूरी दी। इसके अधिसूचित होने के तीन दिन के अंदर निकासी सीमा हट जाएगी और सात दिन के भीतर बोर्ड का गठन भी कर दिया जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा के उद्देश्य से इस योजना को मंजूरी दी गई है। इससे यस बैंक के साथ ही पूरी वित्तीय प्रणाली में स्थायित्व लाने में मदद मिलेगी। यस बैंक में एसबीआई की 49 फीसदी हिस्सेदारी होगी और अन्य निवेशकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। सभी निवेशकों के लिए तीन साल की लॉक-इन अवधि होगी।