सीबीआई विवाद : अस्थाना की जांच से हटाने के फैसले को बस्सी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई के डीएसपी एके बस्सी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उनके पास इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से विशेष सीबीआई निदेशक राकेश अस्थाना के खिलाफ रिश्वतखोरी की जांच में मदद मिलेगी। बस्सी ने कहा कि मनोज प्रसाद के फोन में कई व्हाट्सएप मैसेज हैं जो बिचौलिया, अस्थाना और उच्च अधिकारी समंता गोयल के संबंधों को उजागर करता है।
बस्सी ने अस्थाना की जांच से हटाकर खुद का तबादला किए जाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। अपने तबादले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देते हुए बस्सी ने याचिका में दावा किया कि इस मामले में गिरफ्तार दुबई स्थित बिचौलिया मनोज प्रसाद का भाई सोमेश प्रसाद रॉ के उच्च अधिकारियों के भी संपर्क में था।
अस्थाना और सीबीआई के डीएसपी देवेंद्र कुमार के खिलाफ शिकायत करने वाले सतीश सना के घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए याचिका में कहा गया है कि कारोबारी को मोइन कुरैशी मामले की जांच के दौरान परेशान किया गया। बस्सी ने कहा कि व्हाट्सएप संदेशों के अलावा जांच के दौरान सीडीआर की तकनीकी सर्विलांस की पड़ताल भी की गई। मालूम हो कि सीबीआई में घमासान के बाद अस्थाना की जांच से हटा कर 24 अक्तूबर को बस्सी का तबादला पोर्ट ब्लेयर कर दिया गया था
सुप्रीम कोर्ट ने सतीश सना को पूरी सुरक्षा देने का दिया निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना पर रिश्वतखोरी की शिकायत करने वाले हैदराबाद के व्यवसायी सतीश सना को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। सतीश ने अपनी जान को खतरा बताया था।
चीफ जस्टिस रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सना को पूछताछ के लिए बुलाने के सीबीआई के नोटिस पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। साथ ही पूर्व जज एके पटनायक के समक्ष बयान दर्ज किए जाने के सना के वकील राजू रामचंद्रन के आग्रह को भी ठुकरा दिया। पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस पटनायक की निगरानी में एसआईटी को सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा के खिलाफ जांच का निर्देश दिया था।
पीठ ने कहा कि हम जस्टिस पटनायक को यह कैसे कह सकते हैं। क्या करना चाहिए, यह उन पर निर्भर करता है। जहां तक सतीश को संरक्षण देने का सवाल है, वह उन्हें दिया जाएगा। सना ने 15 अक्तूबर को अस्थाना के खिलाफ रिश्वतखोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही वर्मा और अस्थाना के बीच विवाद बढ़ गया था। इसके बाद 23 अक्तूबर को दोनों अधिकारियों को छुट्टी पर भेज दिया गया।