{"_id":"68a8874c2bccb47cb10a97a9","slug":"bureaucratic-reshuffle-rajit-punhani-appointed-fssai-chief-special-secretary-pmo-2025-08-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bureaucratic reshuffle: केंद्र सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में किया बड़ा फेरबदल, FSSI के प्रमुख बने रजित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Bureaucratic reshuffle: केंद्र सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में किया बड़ा फेरबदल, FSSI के प्रमुख बने रजित
Fri, 22 Aug 2025 08:35 PM IST
राहुल कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राहुल कुमार
Updated Fri, 22 Aug 2025 08:35 PM IST
सार
बिहार कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी रजित पुन्हानी वर्तमान में कौशल विकास एवं उद्यमिता सचिव हैं। कार्मिक मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई।
विज्ञापन
नौकरशाहों के विभागों में बड़ा फेरबदल
- फोटो : एएनआई
विस्तार
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को शीर्षस्तरीय नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रजित पुन्हानी को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में अतिरिक्त सचिव अतीश चंद्रा इसी पद पर विशेष सचिव नियुक्त हुए हैं।
विज्ञापन
बिहार कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी रजित पुन्हानी वर्तमान में कौशल विकास एवं उद्यमिता सचिव हैं। कार्मिक मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई। उनकी जगह देबाश्री मुखर्जी लेंगी।मुखर्जी वर्तमान में जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग में सचिव हैं। खान सचिव वीएल कांता राव को मुखर्जी के स्थान पर जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
गृह मंत्रालय के अधीन नेटग्रिड के वर्तमान सीईओ पीयूष गोयल को राव के स्थान पर खान मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। विजय कुमार बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय का सचिव नियुक्त किए गए हैं। वह वर्तमान में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष हैं। पशुपालन एवं डेयरी सचिव अलका उपाध्याय राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की सचिव बनी हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नरेश पाल गंगवार, उपाध्याय का स्थान लेंगे।
विज्ञापन
सुकृति लिखी रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग की विशेष कार्याधिकारी बनाई गई हैं। 31 अक्तूबर को नितेन चंद्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद लिखी पदभार ग्रहण करेंगी। लिखी वर्तमान में राष्ट्रीय रासायनिक हथियार सम्मेलन प्राधिकरण की अध्यक्ष हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव रोली सिंह, लिखी की जगह राष्ट्रीय रासायनिक हथियार प्राधिकरण सम्मेलन की अध्यक्ष होंगी। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में महानिदेशक (प्रशिक्षण) त्रिशालजीत सेठी, केंद्रीय सतर्कता आयोग में सचिव होंगे। दूरसंचार विभाग अंतर्गत सार्वभौमिक सेवा दायित्व निधि के प्रशासक नीरज वर्मा को न्याय विभाग का विशेष कार्याधिकारी नियुक्त किया गया है।
रंजना चोपड़ा जनजातीय कार्य मंत्रालय में ओएसडी होंगी
संस्कृति मंत्रालय में विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार रंजना चोपड़ा, जनजातीय कार्य मंत्रालय में ओएसडी होंगी। वे 31 अक्तूबर को विभु नायर के सेवानिवृत्त होने के बाद जनजातीय कार्य सचिव का पदभार संभालेंगी। कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सचिव, संजय गर्ग को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय अंतर्गत भारतीय मानक ब्यूरो का ओएसडी नियुक्त किया गया है। 31 अक्तूबर को प्रमोद तिवारी के सेवानिवृत्त होने के बाद गर्ग भारतीय मानक ब्यूरो के महानिदेशक का पदभार संभालेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अजय भादू को 21 अप्रैल, 2025 से 20 अक्तूबर, 2025 तक विदेश व्यापार महानिदेशालय के महानिदेशक के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।