चुनावी राज्यों में भाजपा लगाएगी कमल मेला, यूपी से होगी शुरुआत
चुनावी राज्यों में मोदी सरकार की उपलब्धियां आम लोगों तक सीधे पहुंचाने के लिए भाजपा ने अनोखी योजना तैयार की है। इस योजना के तहत पार्टी ने इन राज्यों में कमल मेला लगाने का फैसला किया है। पार्टी इन मेलों के जरिए मोदी सरकार तमाम योजनाओं की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से देगी। इसकी पहली कड़ी में योजना की शुरुआत उत्तर प्रदेश में 16 दिसंबर से 16 जनवरी के बीच होगी।
मेले के लिए फिलहाल बरेली, आगरा, हरदोई, रामपुर, बिजनौर, कौशांबी, हाथरस, मिर्जापुर और लखीमपुर खीरी का चुनाव हुआ है। पार्टी की योजना उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और गोवा में भी यूपी की तर्ज पर कमल मेला का आयोजन करने की है।
पार्टी के एक महासचिव के अनुसार चूंकि मेला कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। इसलिए इस दौरान पोस्टरों, प्रदर्शनियों और भाषणों के माध्यम से मोदी सरकार द्वारा अपने कार्यकाल में गरीबों-किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
विजेताओं को मोदी टीशर्ट और मोदी कैप बतौर ईनाम बांटा जाएगा।
योजनाओं का लाभ सभी समझ सकें, इसके लिए बेहद सरल भाषा और संबंधित इलाके की बोलियों का भी ध्यान रखा गया है। मेले में भीड़ कम न हो, इसलिए लेजर शो कराने के अलावा एयर गन से गुब्बारे फोड़ने, रिंग फेंकने जैसे खेलों का न सिर्फ मुफ्त इंतजाम होगा, बल्कि विजेताओं को मोदी टीशर्ट और मोदी कैप बतौर ईनाम बांटा जाएगा। आम मेले की तरह इसमें भी खाने-पीने के भी स्टॉल मौजूद रहेंगे।
मोदी सरकार की उपलब्धियां लोगों को ठीक से समझाई जा सके, इसके लिए प्रदर्शनी, पोस्टरों में न सिर्फसरल भाषा का इस्तेमाल किया गया है। बल्कि स्थानीय नेताओं के जरिए ही लोगों के समक्ष उपलब्धियां गिनाने की योजना बनाई गई है। पार्टी का दावा है कि मोदी सरकार ने अपने करीब ढाई साल के कार्यकाल में गरीबों-किसानों के लिए करीब 200 योजनाएं शुरू की हैं।