भाजपा का विपक्ष पर तंज, कहा- ध्रुवीकरण के खेल में एक दूसरे का पर्दाफाश कर रहे हैं विपक्षी दल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विपक्षी दलों की बैठक में ममता बनर्जी के शामिल नहीं होने की घोषणा के बाद भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि सीएए पर देश का माहौल खराब करने के बाद अब विपक्षी दल ध्रुवीकरण के खेल में एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा में लगे हुए हैं और आपस में ही एक दूसरे का ही पर्दाफाश कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि पूरे देश में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है और यह तुष्टिकरण का 20-20 मैच चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, टीएमसी, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ये सब मिलकर, मुसलमानों को भड़का रहे हैं और देश में हिंसा व आगजनी का माहौल बनाना चाहते हैं।
पात्रा ने कहा कि ये सारे दल एवं इनके नेता पवेलियन में बैठकर भावनाएं भड़काकर माहौल खराब करने में लगे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ममता ने कहा है कि वह कांग्रेस और माकपा की गलत राजनीति से निराश हैं और वह अकेले ही सीएए और एनआरसी के खिलाफ विरोध को आगे बढ़ाएंगी।
उन्होंने दावा किया कि कल मालदा में कई बसें जलाई गईं, पुलिस पर हमले हुए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कह रहीं हैं कि ये सब कांग्रेस और माकपा ने किया है, जिसे वह बर्दाश्त नहीं करेंगी ।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ये सारे दल आज एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ममता बनर्जी आज केवल और केवल तुष्टिकरण की राजनीति कर रहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अब एक दूसरे का ही पर्दाफाश कर रहे हैं और वे सब ध्रुवीकरण के खेल में एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा में लगे हुए हैं जिनकी सच्चाई अब सामने आ रही है।
तृणमूल प्रमुख पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐसा इसलिए कह रही हैं क्योंकि वह बंगाल में मुस्लिम वोट को बंटते नहीं देखना चाहती हैं। यह ध्रुवीकरण की राजनीति का स्पष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी के एक नेता कहते हैं कि हम जब सत्ता में आयेगे तो सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों को भत्ता देंगे, इससे अधिक शर्मनाक और क्या हो सकता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है और वह इसका जवाब देगी।
भाजपा ने प्रियंका गांधी को कोटा जाने की चुनौती दी
वहीं, भाजपा ने राजस्थान के कोटा में एक सरकारी अस्पताल में नवजात शिशुओं की मौत को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को कोटा जाने की चुनौती दी जहां कांग्रेस की सरकार है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाताओं से कहा कि मैं प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछता हूं कि वह कोटा कब जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का धर्मनिरपेक्षता एवं अन्य मुद्दे पर रूख वन वे ट्रैफिक है और वे ऐसे मुद्दों पर चुनिंदा तरीके से बात करती है।
पात्रा ने कहा कि प्रियंका जी मैं कैमरे पर आपसे सीधे पूछता हूं आप कोटा कब जाएंगी। मैं आपको कोटा चुनौती देता हूं। मैं चाहता हूं कि आज आज शाम तक कोटा पहुंचें। भाजपा प्रवक्ता ने इस संबंध में प्रियंका गांधी के वाराणसी और राजस्थान जाने के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आप (प्रियंका) भी मां हैं, आप कोटा जाएं और एक मृत बच्चे को गोद में ले और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोह से इस्तीफा देने को कहें। पात्रा ने कहा कि वह उन तथाकथित उदारवादियों से पूछना चाहते हैं कि क्या इनमें से एक भी वहां गया था।