Voter list row: 'जिस डाल पर बैठे थे, उसी को काट दिया', राहुल के चुनाव में धांधली के आरोपों पर भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी के चुनावों में धांधली के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र में वोटर बढ़ने के बावजूद कांग्रेस ने कई सीटें जीतीं। उन्होंने चुनाव आयोग को धमकाने वाली भाषा पर भी राहुल को घेरा और शपथपत्र देकर शिकायत करने की नसीहत दी।
विस्तार
कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की तरफ से चुनाव में धांधली को लेकर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल के आरोपों को 'झूठ का पुलिंदा' बताते हुए कहा कि राहुल जिस डाल पर बैठे थे, उसी को काट दिया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग (ईसी) जैसे संवैधानिक संस्थान को धमकाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया, जो विपक्ष के नेता के पद की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल को वाकई आपत्ति है, तो उन्हें मीडिया में आरोप लगाने की बजाय चुनाव आयोग के सामने शपथपत्र देकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
भूपेंद्र यादव ने राहुल के आरोपों को बताया झूठा
भूपेंद्र यादव ने बताया कि राहुल गांधी ने दावा किया था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में एक करोड़ नए वोटर जुड़े, लेकिन चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार यह संख्या 40 लाख से थोड़ी अधिक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने आरोपों की जो बुनियाद बनाई, वह ही गलत साबित हो गई। यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की कई सीटों जैसे मढ़ा, मोहोल, नागपुर वेस्ट और नागपुर नॉर्थ में वोटर की संख्या बढ़ी और वहां कांग्रेस या उसकी सहयोगी पार्टियां ही जीतीं। ऐसे में धांधली का आरोप खुद उनके ही दावे को गलत साबित करता है।
ये भी पढ़ें:- Rahul Gandhi: 'राहुल गांधी नाजी जैसी निरंकुश मानसिकता दर्शा रहे', भाजपा का नेता विपक्ष पर बड़ा आरोप
'बम फोड़ने' के दावे पर तंज
बता दें कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वो जो सबूत दिखाएंगे, वो परमाणु बम जैसा होगा। इस पर यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यह तो वही बात हो गई जैसे कोई आदमी जिस डाल पर बैठा हो, उसी को काट दे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ एक परिवार के लिए संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने में लगी है, चाहे वो चुनाव आयोग हो, संसद हो या सेना।
पहले भी कर चुके हैं गलत दावे
यादव ने कहा कि राहुल गांधी को पहले सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी थी क्योंकि उन्होंने सेना को लेकर भी गलत बयान दिए थे। अंत में भूपेंद्र यादव ने कहा कि जो लोग संविधान का सम्मान करते हैं, उन्हें संवैधानिक संस्थानों के खिलाफ धमकी भरी भाषा नहीं अपनानी चाहिए।
ये भी पढ़ें:- ECI vs Rahul Gandhi: 'शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करें या फिर देश से माफी मांगें', राहुल को चुनाव आयोग की दो टूक
सौरभ भारद्वाज बोले- राहुल गांधी ने दिल्ली में वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी का जिक्र अपनी प्रेस वार्ता में नहीं किया
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि दिल्ली का चुनाव हुए 6 महीने बीत चुके हैं और पिछले 6 महीने से दिल्ली का हर एक व्यक्ति इस बात से परेशान है, कि जब हर जगह यह चर्चा थी कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनना तय है, तो आखिर भाजपा की जीत कैसे हुई? उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी जी द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का मामला उठाया गया जिससे एक बार फिर पूरे देश के लोगों का ध्यान इस बात की ओर आकर्षित हुआ है, हालांकि राहुल गांधी ने दिल्ली में वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ी का जिक्र अपनी प्रेस वार्ता में नहीं किया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज कांग्रेस जो मुद्दा उठा रही है, आप सभी को याद होगा कि चुनाव से दो महीने पहले दिसंबर और जनवरी के महीने में आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने, खुद अरविंद केजरीवाल ने तथ्यों के साथ प्रेस वार्ता कर मीडिया में इस बात को उजागर किया था, कि किस प्रकार से पूरी दिल्ली की अलग-अलग विधानसभाओं में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का काम किया जा रहा है।