क्या बागी हुए आदित्यनाथ? बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ेगा उनका संगठन!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांसद आदित्यनाथ के संरक्षकत्व वाली हिंदू युवा वाहिनी ने बगावत कर विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का एलान कर दिया है। यही नहीं, छह प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी गई है। हालांकि, सांसद आदित्यनाथ ने हिंदू युवा वाहिनी के नाम पर चुनाव लड़ने की बात अवैध करार दिया है।
वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह का कहना है कि वह पूर्वांचल की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे। शेष नामों की घोषणा शीध्र ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने योगी आदित्यनाथ का अपमान किया है। इसलिए हिंदू युवा वाहिनी सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। योगी आदित्यनाथ के चुनाव लड़ने से इंकार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी युवा वाहिनी के उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं क्योंकि बीजेपी ने उन पर काला जादू कर रखा है।
Yogi Adityanath Ji is denying that Hindu Yuva Vahini will contest #UPpolls because he is under BJP's black magic: Sunil Singh, Pres HYV pic.twitter.com/3NzgTef60k
विज्ञापन विज्ञापन— ANI UP (@ANINewsUP) January 28, 2017
महंत आदित्यनाथ ने हिंदू युवा वाहिनी का गठन 2002 में एक धार्मिक और सांस्कृतिक संगठन के रूप में किया था। तब से यह संगठन हिंदुत्व के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करता रहा है। इससे जुड़े कई लोग भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा में भी पहुंच चुके हैं। रामकोला से विधायक रहे अतुल सिंह और हाटा से विधायक रहे शंभू चौधरी तो हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी भी रहे। तुलसीपुर से विधायक रहे कौशलेंद्र महराज भी विश्व हिंदू महासंघ व हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े रहे। इस चुनाव में भी राघवेंद्र प्रताप सिंह, राकेश बघेल और श्यामधनी राही भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।
हिंदू युवा वाहिनी के तमाम नेता भाजपा से टिकट की उम्मीद लगाए थे पर निराशा हाथ लगने पर शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने बैठक कर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया। बैठक के बाद उन्होंने छह प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इनमें पनियरा से सतीश सिंह सैथवार, सिसवां से ज्योतिष मणि त्रिपाठी, पड़रौना से राजन जायसवाल, खड्डा से अजय गोविंद राव, कसया से राजेश्वर सिंह, फरेंदा से जीतेंद्र शर्मा को उन्होंने प्रत्याशी बनाया है।
प्रत्याशी उतारने पर क्या बोले योगी आदित्यानाथ
हिंदू युवा वाहिनी के मुख्य संरक्षक गोरक्षपीठाधीश्वर महंत आदित्यनाथ ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी गैर राजनीतिक, सामाजिक. सांस्कृतिक संगठन है। इसके नाम पर चुनाव लड़ना अवैध और गैर कानूनी है। जो कोई भी इसके नाम का दुरुपयोग करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस प्रकार की कोई भी गतिविधि अनुशासनहीनता के दायरे में आएगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग हिंदू विरोधी ताकतों के खिलौने बन गए हैं और अपने स्वार्थ के लिए हिंदू युवा वाहिनी जैसे राष्ट्रवादी संगठन का दुरुपयोग करना चाहते हैं। उन्हें ऐसा किसी भी स्थिति में नहीं करने दिया जाएगा। हम राष्ट्रवादी मिशन के साथ जुड़े हैं और भारतीय जनता पार्टी के अलावा किसी अन्य दल या संगठन को समर्थन करने का कोई सवाल ही नहीं उठता। जो भी लोग इस प्रकार की कृत्य में लिप्त हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।