{"_id":"62540ed8bfd3076b6615e92e","slug":"bjp-mp-anantkumar-hegde-requested-karnataka-cm-basavaraj-bommai-for-a-probe-into-possible-links-between-muskan-khan-and-unseen-hands-behind-hijab-row","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा सांसद बोले: मुस्कान खान और हिजाब विवाद के पीछे 'अदृश्य हाथों' के बीच हो सकते हैं संबंध, जांच कराएं सीएम","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
भाजपा सांसद बोले: मुस्कान खान और हिजाब विवाद के पीछे 'अदृश्य हाथों' के बीच हो सकते हैं संबंध, जांच कराएं सीएम
Mon, 11 Apr 2022 04:49 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Mon, 11 Apr 2022 04:49 PM IST
सार
भाजपा सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को एक पत्र लिखकर कहा है कि छात्रा मुस्कान खान और हिजाब विवाद के पीछे शामिल अदृश्य शक्तियों के बीच संबंध हो सकते हैं और इसकी विस्तृत जांच कराई जानी चाहिए।
विज्ञापन
भाजपा सांसद अनंतकुमार हेगड़े
- फोटो : वीडियो स्क्रीनग्रैब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक में शुरू हुआ हिजाब विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसे लेकर हाल ही में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अलकायदा ने भी बयान जारी किया था और हिजाब के समर्थन में आवाज उठाने वाली छात्रा मुस्कान खान की तारीफ की थी। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से अनुरोध किया कि मुस्कान खान और इस विवाद के पीछे अदृश्य हाथों व आतंकी संगठनों के बीच संभावित संबंधों की जांच की जानी चाहिए।
विज्ञापन
पूर्व केंद्रीय मंत्री हेगड़े ने कहा कि मुस्कान ने जो किया उसे पूरी दुनिया में मीडिया ने दिखाया और उसे कई मुस्लिम संगठनों ने सम्मानित भी किया। अब प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा का मुखिया अल जवाहिनी भी मुस्कान की तारीफ कर रहा है। आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री बोम्मई को लिखे एक पत्र में हेगड़े ने कहा कि कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से आदेश जारी किए जाने के बाद भी राज्य में कई राजनेताओं, कट्टरपंथियों और छात्रों ने शिक्षण संस्थानों में हिजाब के समर्थन में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने भी अपने फैसले में यह कहा था कि इस विवाद में कुछ अदृश्य ताकतों का हाथ हो सकता है। इसलिए मैं छात्रा मुस्कान और इस विवाद के पीछे शामिल अदृश्य हाथों व प्रतिबंधित आतंकी संगठन के बीच संभावित संबंधों की विस्तृत जांच कराने का अनुरोध करता हूं। वहीं, हेगड़े के इस पत्र को लेकर मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि मैं सांसद से बात करूंगा और उनसे इस संबंध में जानकारी साझा करने के लिए कहूंगा। बोम्मई ने कहा कि उचित जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
फरवरी में चर्चा में आया था मुस्कान का नाम
मुस्कान खान का नाम इस साल फरवरी में चर्चा में आया था जब शिक्षण संस्थानों में हिजाब को लेकर विवाद चरम पर चल रहा था। कर्नाटक के मांड्या में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा मुस्कान हिजाब पहनकर कॉलेज पहुंची थी। यहां भगवा गमछा पहने छात्रों ने उसे रोकने की कोशिश की थी और उसके सामने जय श्री राम के नारे लगाए थे। इसके जवाब में मुस्कान ने अल्लाहू अकबर के नारे लगाने शुरू कर दिए थे। बाद में कॉलेज प्रशासन ने इस मामले में दखल दिया था और बेकाबू होती स्थिति को नियंत्रण में लाए थे।