Bharat Jodo Yatra: भाजपा ने खत्म की जन आक्रोश यात्रा, क्या कांग्रेस पर दबाव बनाने के लिए चला ये दांव?
Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश कहते हैं कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की लिखी हुई चिट्ठी स्पष्ट तौर पर इशारा कर रही है कि वह राहुल गांधी की भारत यात्रा को नहीं होने देना चाहते हैं। लेकिन उनका कहना है कि भाजपा सिर्फ माहौल बनाकर उनकी यात्रा को रोकने और स्थगित करने के लिए दबाव डाल रही है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) पर दबाव बनाने के लिए ही क्या भाजपा ने राजस्थान की जन आक्रोश यात्रा को रोक दिया है। सियासी गलियारों में इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस पूरे मामले में कांग्रेस और केंद्र सरकार खुलकर आमने-सामने भी आ गई है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर कोरोना का डर पैदा करके भारत जोड़ो यात्रा को रोकने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा से जुड़े नेताओं का कहना है कि जब वह राजस्थान में अपनी जन आक्रोश यात्रा को रोक सकते हैं, तो कांग्रेस को भी लोगों की जान जोखिम में डालने की बजाय भारत जोड़ो यात्रा खत्म कर देनी चाहिए। कांग्रेस के नेताओं का कहना है भाजपा और केंद्र सरकार उनकी यात्रा से डरी हुई है। इसी वजह से वह कांग्रेस के ऊपर अलग-अलग तरह से दबाव डालने की कोशिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस इस दबाव से डरने वाली नहीं है।
भाजपा माहौल बनाकर यात्रा करना चाहती है स्थगित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जब से राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की अपील की है, तब से सियासी पारा उबाल मारने लगा है। कांग्रेस ने भाजपा समेत केंद्र सरकार को निशाने पर ले लिया है। गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार उनकी यात्रा से डरी हुई है। यही वजह है कि उनकी यात्रा को आगे नहीं जाने देना चाहती है। वह कहते हैं कि लेकिन वह डरने वाले नहीं है। वहीं राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ चल रही भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। भाजपा नेताओं के मुताबिक यह जन आक्रोश यात्रा कोविड की गंभीरता के मद्देनजर ही स्थगित की गई। राजस्थान भाजपा से जुड़े एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी को भी अपने राजनीतिक हित की बजाय जनता का हित सबसे पहले देखना चाहिए और भाजपा की जन आक्रोश यात्रा की तरह भारत जोड़ो यात्रा को रोक देना चाहिए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश कहते हैं कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की लिखी हुई चिट्ठी स्पष्ट तौर पर इशारा कर रही है कि वह राहुल गांधी की भारत यात्रा को नहीं होने देना चाहते हैं। लेकिन उनका कहना है कि भाजपा सिर्फ माहौल बनाकर उनकी यात्रा को रोकने और स्थगित करने के लिए दबाव डाल रही है। कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि तीन दिन पहले तक सब कुछ सामान्य चल रहा था। अचानक दो दिन पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एक चिट्ठी जारी करते हैं और फिर देश में कोरोना को लेकर भय का माहौल बनने लगता है। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा कहते हैं कि भाजपा और केंद्र सरकार महज दबाव बनाने के लिहाज से ही इस तरीके का माहौल पैदा कर रही हैं।
भाजपा की जन आक्रोश यात्रा का कोई जनाधार नहीं
दरअसल कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ी तकरार को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राजनीतिक विश्लेषक हरिओम तपन कहते हैं कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने संसद में जिस तरीके से बीमारी के बारे में बताया है, उससे एक बात बिल्कुल स्पष्ट है कि इस वक्त सबको सचेत ही रहना चाहिए। वह कहते हैं यह बात अलग है कि इस वक्त कांग्रेस की ही सबसे बड़ी यात्रा चल रही है, और उस यात्रा के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने चिट्ठी लिखी है। उनका कहना है निश्चित तौर पर ऐसे माहौल में सियासी हलचल तो होनी ही है। वह कहते हैं कि इसी दौरान भाजपा ने अपनी यात्रा को राजस्थान में स्थगित कर दिया है और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का न रुकना सियासी हलचल तो पैदा ही करता है।
कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता आरोप लगाते हैं कि राजस्थान में चल रही भाजपा की जन आक्रोश यात्रा का कोई जनाधार नहीं है। यही वजह है कि भाजपा ने अपनी राजस्थान की जन आक्रोश यात्रा को स्थगित कर दिया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के ऐसे किसी भी बयान को सिरे से खारिज कर दिया। राजस्थान भाजपा से जुड़े नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अपना राजनीतिक हित साध रही है। यही वजह है कि वह भारत जोड़ो यात्रा को सियासी नजरिए से देख रही है। जबकि भाजपा ने कोरोना महामारी की गंभीरता को देखते हुए अपनी यात्रा को स्थगित किया है।