Bengaluru Stampede: केएससीए, RCB और पुलिस को बंगलूरू डीसी ने जारी करेंगे नोटिस, 15 दिन में सौंपेगे रिपोर्ट
बंगलूरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बुधवार को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। अब इस मामले में बंगलूरू शहरी उपायुक्त ने आरसीबी और पुलिस को नोटिस जारी किया। मामले की जांच रहे उपायुक्त 15 दिन में घटना की रिपोर्ट सरकार को सौंपेगे।
विस्तार
बंगलूरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।बेंगलुरु के शहरी उपायुक्त जी जगदीश ने बृहस्पतिवार को कहा कि भगदड़ की घटना की जांच में शामिल होने के लिए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पुलिस आयुक्त बी दयानंद को नोटिस जारी किया जाएगा। बेंगलुरु शहरी उपायुक्त जी जगदीश चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।
जगदीश ने चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण किया जहां बुधवार को भगदड़ मची थी। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बुधवार को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। इस दौरान हजारों की संख्या में प्रशंसक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल में पहली खिताबी जीत के जश्न में भाग लेने के लिए पहुंचे थे।
शहरी उपायुक्त जी जगदीश ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज मैंने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के स्टेडियम का दौरा किया। मैंने यहां के सभी कार्यक्रम देखे हैं। मैं कुछ लोगों को जांच के लिए नोटिस जारी करूंगा। मैं इस घटना की जांच 15 दिन में पूरी कर लूंगा। मैं केएससीए, आरसीबी प्रबंधन, कार्यक्रम प्रबंधक और पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी करूंगा। मैं लोगों से सबूत देने को भी कहूंगा। इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, मैं अभी जांच शुरू कर रहा हूं। इसमें अभी कुछ समय लगेगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या बुधवार को समारोह के लिए कोई अनुमति ली गई थी, तो उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि वह अनुमति देने के लिए सक्षम प्राधिकारी नहीं हैं और इसके लिए पुलिस आयुक्त से अनुमति लेनी होती है उन्होंने कहा, मुझे इस घटना की जांच कर सरकार को रिपोर्ट देनी है।
ये भी पढ़ें: Bengaluru Stampede: '2.5 लाख लोग फ्री एंट्री सोचकर आए', कर्नाटक सरकार ने कोर्ट को बताया; अब 10 जून को सुनवाई
अधिकांश लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई
बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में घायल हुए अधिकांश लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और कुछ का अभी भी इलाज चल रहा है, जो खतरे से बाहर हैं। बंगलूरू के बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल में भर्ती 10 मरीजों में से केवल दो का ही इलाज चल रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक टी केम्पाराजू ने बताया कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ के बाद अस्पताल में कुल 18 मरीजों का इलाज किया गया। केम्पाराजू ने बताया कि उनके अस्पताल में आए मरीजों का ज्यादातर इलाज मामूली खरोंच, सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी के लिए किया गया। केम्पाराजू ने बताया, हम अभी भी एक मरीज का इलाज कर रहे हैं, जिसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जो नीचे गिर गया था और एक अन्य 14 वर्षीय लड़के का इलाज किया जा रहा है। चोट उसकी दाहिनी आंख के पास है, इसलिए उसे निगरानी में रखा गया है।"
लड़के की मां फरहीन ने बताया कि उसे कल तक छुट्टी मिल जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा डरा हुआ है और उसे समझ नहीं आ रहा है कि आखिर हुआ क्या था। लड़के के चाचा नवाज ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वह विजय परेड के लिए जा रहा है। नवाज ने कहा, उसने हमें बस इतना बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने जा रहा है। ऐसा लगता है कि वह चिन्नास्वामी स्टेडियम की ओर जा रहा था, तभी वह गिर गया और बेहोश हो गया। हमें तब अस्पताल से बताया गया कि वह पहले से ही वहां भर्ती है।