दिलीप घोष के बोल: नुसरत जहां को बताया 'धोखेबाज', पूछा- अविवाहित थीं तो सिंदूर कैसे लगाया?
बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस की सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री नुसरत जहां को 'धोखेबाज' करार दिया है। घोष की यह टिप्पणी नुसरत जहां की निखिल जैन के साथ शादी पर हो रहे विवाद के बीच आई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिलीप घोष ने शुक्रवार को नुसरत जहां को निशाने पर लेते हुए उनके हालिया बयानों को लेकर 'धोखेबाज' कहा। नुसरत ने कहा था कि उनका विवाह भारत में वैध नहीं है क्योंकि उन्होंने तुर्की में वहां के रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। अपने विवादित बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाले दिलीप घोष ने कहा कि नुसरत ने संसद में एक विवाहित महिला के तौर पर शपथ ली थी।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'कैसी धोखेबाज हैं। एक महिला जिसे तृणमूल कांग्रेस से टिकट मिला, वह शपथ लेती हैं, और अब कह रही हैं कि वह विवाहित ही नहीं हैं। फिर भी, उन्होंने सिंदूर लगाया, रथ खींचा, पूजा की और चुनाव जीतीं।' बता दें कि साल 2019 में नुसरत और निखिन जैन कोलकाता में इस्कॉन की ओर से आयोजित रथ यात्रा कार्यक्रम में एक साथ शामिल हुए थे।
दिलीप घोष ने कहा, 'ममता बनर्जी कैसे किसी की शादी में जा सकती हैं जब वह व्यक्ति शादीशुदा ही नहीं है। उन्होंने सिंदूर लगाया, अब वह गर्भवती हैं और दावा कर रही हैं कि वह अविवाहित हैं।' उल्लेखनीय है कि नुसरत जहां ने बुधवार को एक बयान जारी कर दावा किया था कि कारोबारी निखिल जैन के साथ उनकी शादी वैध नहीं है बल्कि एक लिव-इन रिलेशनशिप है।
वहीं, निखिल जैन ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कई बार शादी का पंजीकरण कराने की बात कही थी, लेकिन नुसरत ने हर बार इससे इनकार कर दिया। जैन ने दावा किया कि नुसरत का उनके प्रति व्यवहार अगस्त 2020 से बदलने लगा था जब वह एक फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। जैन ने कहा कि नुसरत ने नवंबर में घर छोड़ दिया था और तब से दोनों अलग-अलग ही रह रहे हैं।
2019 में हुई थी जहां और जैन की शादी
नुसरत जहां ने सात 2019 में तुर्की में निखिल जैन से शादी की थी, जिसमें चुनिंदा लोग शरीक हुए थे। इसी साल हुए लोकसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर जीत हासिल करने वाली जहां ने बाद में कोलकाता के पांच सितारा होटल में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया था, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शरीक हुए थे।
नुसरत ने शादी में दरार की अटकलों और इन खबरों के बीच यह बयान जारी किया कि वह जैन से अलग रह रही हैं और गर्भवती हैं। इस बयान में कहा गया है, 'किसी काम या आराम के लिए मेरे किसी जगह जाने पर उन लोगों के चिंता करने की जरूरत नहीं है जिनसे मैं अलग हुई हूं। 'किसी' के दावों के विपरीत, मैं अपने सारे खर्च खुद ही उठाती हूं। '