सपा विधायक की आईडी से भाजपा नेत्री को अश्लील कमेंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा विधायक विनय तिवारी के नाम वाली फेसबुक एकाउंट से भाजपा नेत्री डा. प्रीति वर्मा के फेसबुक एकाउंट पर अश्लील टिप्पणी और अश्लील वीडियो टैग किए गए हैं। इससे राजनीतिक हल्के में सनसनी मची हुई है। सोमवार रात को फेसबुक पर इन टिप्पणियों को देखकर डा. प्रीति समर्थकों संग कोतवाली पहुंची और अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर के अनुसार में डॉ. प्रीति बीजेपी गोला के नाम की उनकी फेसबुक आईडी पर विनय तिवारी नाम के फेसबुक एकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनके संबंध में अशोभनीय और भड़काऊ टिप्पणी की गई है। नारी सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली इस टिप्पणी से वह बेहद आहत हैं। एक समुदाय को गाय का मांस न खाने देने पर आईएसआईएस से मरवाने की धमकी भी दी गई है।
सूचना पर विधायक विनय तिवारी बिजुआ में आयोजित कार्यक्रम छोड़कर कोतवाली पहुंचे और फेसबुक एकाउंट को फर्जी बताते हुए बदनाम किए जाने की साजिश बताया। उन्होंने भी अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है कि फेसबुक पर उनकी फर्जी आईडी बनाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है।
फर्जी एकाउंट में उनके नाम की स्पेलिंग तिवारी में वी के बजाए डब्ल्यू लिखा गया है। लिखापढ़ी में विधायक की तहरीर पर सोमवार रात साढ़े आठ बजे और भाजपा नेत्री की तहरीर पर रात करीब नौ बजे अज्ञात के खिलाफ अश्लील टिप्पणी, धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने और भड़काने के साथ आईटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
क्या है प्रतिक्रिया
यह राजनैतिक विद्वेष के चलते मेरी छवि खराब करने की सोची समझी साजिश है। इसका हर हाल में खुलासा कराया जाएगा। मामले का पता चला तुरंत एफआईआर दर्ज करवा दी है।
विनय तिवारी, विधायक
मेरी लोकप्रियता से प्रतिद्वंद्वी बौखला गए हैं इसलिए ओछी हरकतों पर उतर आए हैं। यह मुझे और सपा विधायक को भिड़ाने की कोशिश है। फेसबुक पर पहले भी मेरे पर भद्दे कमेंट्स किए गए थे लेकिन इस बार मोदी जी के साथ जोड़कर अश्लील टिप्पणियां की गई हैं।
डॉ. प्रीति वर्मा, भाजपा नेत्री गोला
जिस फेसबुक एकाउंट से पोस्ट की गई है, वह सिम 19 जून को एक्टीवेट हुआ है। 24 जुलाई को एकाउंट बनाया गया। खुलासे के लिए साइबर सेल और सर्विलांस की मदद ली गई है। काल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। अब तक हुई जांच में एकाउंट विधायक विनय तिवारी की आईडी के बजाय दूसरे की आईडी से बनाने की जानकारी सामने आई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
अनुराग दर्शन, सीओ