Anti Rabies Vaccine: एंटी-रेबीज टीके के नमूनों की जांच करेगी सेंट्रल ड्रग्स लैब, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केरल में हुई मौतों के बाद एंटी रेबीज टीके की जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला ने तैयारी शुरू कर दी है। यहां जांच के लिए रेबीज रोधी टीके का एक बैच और एंटीसीरा के दो बैच जांच के लिए पहुंचे हैं। इसके बाद गुणवत्ता जांच के लिए एंटी सीरा के नमूनों को लैब भेज दिया है। हाल ही में केरल की स्वास्थ्य मंत्री डॉ. वीना जॉर्ज ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को पत्र लिख सभी राज्यों में मौजूद रेबीज रोधी टीका की जांच करने की अपील की थी। केरल में टीका लेने के बाद भी कई लोगों की मौत हुई है जिसके चलते स्थानीय सरकार टीका की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
अनाथ शब्द से नहीं जुड़ा कोई कलंक, इसे बदलने की जरूरत नहीं
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को एक जनहित याचिका को खारिज करते हुए कहा कि अनाथ शब्द से कोई सामाजिक कलंक नहीं जुड़ा है। इसका अर्थ है अनाथ। इसलिए इसे बदलने की कोई जरूरत नहीं है। मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति माधव जामदार की खंडपीठ एनजीओ स्वनाथ फाउंडेशन द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें अनाथ शब्द को बदलकर स्वनाथ करने की मांग की गई थी। पीठ ने कहा कि यह ऐसा मामला नहीं है, जिसमें अदालत को हस्तक्षेप करना चाहिए।
आंध्र में टीडीपी के 16 विधायक एक दिन के लिए निलंबित
विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी के 16 विधायकों को बृहस्पतिवार को एक दिन के लिए आंध्र प्रदेश विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष के आसन के पास विरोध प्रदर्शन के चलते यह कार्रवाई की गई। तेदेपा विधायक अपने सहयोगी दलित विधायक डीबीवी स्वामी के खिलाफ समाज कल्याण मंत्री एम नागार्जुन की टिप्पणी का विरोध कर रहे थे और उनसे मांग कर रहे थे कि वह माफी मांगें। मंत्री का दावा था कि उन्होंने दलित साथी के खिलाफ कुछ भी गलत नहीं कहा है। सदन में जैसे ही प्रशासन के विकेंद्रीकरण पर संक्षिप्त चर्चा शुरू हुई विपक्षी विधायक वेल में उतरकर विरोध करने लगे।
नेपाल में अग्निपथ के तहत गोरखाओं की भर्ती पर चुनाव बाद फैसला
अग्निपथ भर्ती योजना के तहत गोरखाओं की भारतीय सेना में भर्ती को लेकर फैसला नेपाल में चुनाव के बाद लिया जाएगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सेवा लामसाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि नेपाल में 20 नवंबर को आम चुनाव होने हैं, लिहाजा अग्निपथ योजना के तहत नेपाली युवाओं के भारतीय सेना में शामिल होने के मसले पर फैसला नई सरकार ही करेगी।
कई मीडिया रिपोर्ट में भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के हवाले से कहा गया कि अगर नेपाल ने जल्दी फैसला नहीं लिया तो भारतीय सेना में नेपाली युवाओं के लिए तय जगहों को खत्म कर दिया जाएगा। जनरल पांडे बीते सप्ताह ही नेपाल दौरे पर गए थे, जहां उन्हें राष्ट्रपति विद्यादेवी भंडारी ने नेपाली सेना का मानद जनरल घोषित किया था।
नेपाल में अग्निपथ योजना के तहत गोरखाओं की भर्ती 24 अगस्त से शुरू होनी थी, लेकिन नेपाली सरकार के अनुरोध पर भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। नेपाल के विदेश मंत्रालय का कहना है नेपाल फिलहाल इस पर कोई बातचीत या टिप्पणी नहीं करेगा।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बृहस्पतिवार को फिर कहा कि जो लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते हैं वे मुख्यालय आकर राज्यों के प्रतिनिधियों की सूची देखकर संपर्क कर सकते हैं। मिस्त्री ने स्पष्ट किया कि राज्यों से प्रस्ताव पास करने का चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। देशभर से नौ हजार से अधिक प्रतिनिधि अध्यक्ष चुनाव में मतदान करेंगे।
मिस्त्री का कहना है कि उम्मीदवार को 10 प्रतिनिधियों के समर्थन के साथ नामांकन करना होगा। इसके लिए राज्यों में भी पहचान पत्रों वाले प्रतिनिधियों के नाम पता कर सकते हैं। पार्टी ने मतदान में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिनिधियों को पहचान पत्र जारी किया है। मिस्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से इतर आने वाले दिनों में पीआरओ संबंधित राज्यों में चुनाव में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों की बैठक बुलाएंगे।
20 से पहले डेलीगेट्स को मिलेगा पहचान पत्र...
मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि हमारे नौ हजार से अधिक डेलीगेट्स चुने गए हैं। क्यूआर कोड के साथ उनके पहचान पत्र तैयार किए हैं। 20 तारीख से पहले प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर उन डेलीगेट्स को पहचान पत्र देंगे। 22 को चुनाव की प्रक्रिया घोषित हो जाएगी। एक हफ्ते तक नाम वापसी के बाद अगर एक से अधिक उम्मीदवार होंगे तो 17 अक्तूबर को मतदान होगा।
चुनाव तैयारियों का जायजा लेने इसी माह हिमाचल-गुजरात जाएगा निर्वाचन आयोग
भारत निर्वाचन आयोग हिमाचल और गुजरात के आगामी विस चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने इसी महीने दोनों राज्यों के भ्रमण पर जाएगा। आयोग ने केंद्र व दोनों राज्यों के अधिकारियों के साथ कोविड की स्थिति की जानकारी हासिल कर ली है। अब राज्य में जाकर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करेगा। हिमाचल का भ्रमण 22 से 24 सितंबर तक प्रस्तावित है। गुजरात का भ्रमण इस महीने के अंतिम सप्ताह में किए जाने की संभावना है।
आयोग के सूत्रों ने बताया कि हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 9 जनवरी 2018 से शुरू हुआ था और 8 जनवरी 2023 को पूरा हो रहा है। इसी तरह गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 19 फरवरी 2018 से प्रारंभ हुआ था और 18 फरवरी 2023 को पूरा हो रहा है। हिमाचल विधानसभा की 68 व गुजरात की 182 सीटों के लिए चुनाव कराए जाने हैं।
आईसीयू में बिजली जाने से दो की मौत, कर्नाटक विस में हंगामा
बल्लारी के विजयनगर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के आईसीयू में कथित तौर पर बिजली जाने से दो मरीजों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को कर्नाटक विधानसभा में इसे लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। सरकार ने इन आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि वह जांच के लिए तैयार है। कुछ रिपोर्टों में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बिजली कटौती और खराब बिजली जनरेटर को मौतों का जिम्मेदार ठहराया गया है।
सोरेन ने राज्यपाल से चुनाव आयोग की राय बताने का किया आग्रह
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को बताया कि उन्होंने राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की। इस दौरान सोरेन ने लाभ के पद के मामले में विधायक के रूप में बने रहने को लेकर पिछले तीन हफ्ते से राज्य में व्याप्त भ्रम को दूर करने का आग्रह किया। सोरेन ने दावा किया कि विपक्षी पार्टी भाजपा अनिश्चितता के माहौल का इस्तेमाल लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के लिए विधायकों को हथियाने की कोशिश कर रही है।
दरअसल लाभ के पद के मामले में सोरेन को विधानसभा से अयोग्य ठहराने की भाजपा की याचिका के बाद चुनाव आयोग ने 25 अगस्त को राज्य के राज्यपाल को अपना फैसला भेजा था, जिससे राज्य में राजनीतिक संकट पैदा हो गया। हालांकि, चुनाव आयोग के फैसले को अभी तक आधिकारिक नहीं बताया गया है, लेकिन चर्चा है कि चुनाव आयोग ने खनन पट्टे के संबंध में एक विधायक के रूप में मुख्यमंत्री की अयोग्यता की सिफारिश की है।
पशु तस्करी मामला : जेएचएम ग्रुप मुख्यालय पर सीआईडी का छापा
बंगाल के बेंटिंक स्ट्रीट स्थित जेएचएम समूह के मुख्य दफ्तर पर सीआईडी ने पशु तस्करी मामले में छापा मारा। जेएचएम समूह इनामुल हक के भतीजे हुमायूं कबीर, जहांगीर आलम और मेहदी हसन से संबंधित है। सीआईडी ने बताया कि ये छापे बुधवार को मारे गए और दफ्तर को सील कर दिया गया है। ईडी ने 18 फरवरी को इनामुल हक को गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
इस मामले में अब तक कुल 11.67 करोड़ की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। ईडी ने अब तक 418 करोड़ रुपये की आपराधिक आय का पता लगाया है। सीबीआई विशेष अदालत ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस बीरभूम जिला अध्यक्ष अणुव्रत मंडल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी मंडल को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।
दूध खरीद 5 साल में तीन गुना बढ़कर 18,000 करोड़
किसानों के स्वामित्व वाली उत्पादक कंपनियों की दूध की खरीदारी पांच साल में तीन गुना से अधिक बढ़कर 18,000 करोड़ रुपये पर पहुंचेगी। इन कंपनियों ने पिछले वित्त वर्ष में 5,575 करोड़ रुपये का दूध खरीदा था। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा, हम अपनी इकाई एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के जरिये देशभर में और अधिक दूध उत्पादक कंपनियों की स्थापना में मदद की कोशिश करेंगे।
फिच ने विकास दर को घटाकर 7 फीसदी किया
फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष के लिए देश की आर्थिक वृद्धि दर अनुमान को घटाकर 7 फीसदी कर दिया है। इससे पहले जून में 7.8 फीसदी वृद्धि का अनुमान लगाया था। एजेंसी ने रिपोर्ट में कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सुस्ती है और महंगाई के साथ ब्याज दरें लगातार ऊपर जा रही हैं। इसलिए विकास दर में कटौती की गई है। फिच ने कहा, वित्त वर्ष 2024 में जीडीपी की वृद्धि दर 6.7 फीसदी रह सकती है। पहले 7.4 फीसदी का अनुमान था।
इस माह महंगा होगा कर्ज एसबीआई ने बढ़ाया ब्याज
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक से पहले ही कर्ज महंगा शुरू हो गया है। इससे इस महीने के अंत में ग्राहकों को कर्ज पर ज्यादा ब्याज चुकाना होगा। एसबीआई ने अपने बेंचमार्क प्राइम लेंडिंग रेट (बीपीएलआर) में 0.7 फीसदी का इजाफा कर दिया है। इसकी नई दर 13.45 फीसदी होगी जो पहले 12.75 फीसदी हुआ करती थी। इस फैसले से उन ग्राहको को ज्यादा ब्याज चुकाना होगा जो पुनर्भुगतान करेंगे और जिनका कर्ज बीपीएलआर से जुड़ा है। नई दर 15 सितंबर से लागू है।
मूल दर में भी बढ़ोतरी
बैंक ने मूल दर (बेस रेट) में भी बढ़ोतरी कर दी है, जो अब 8.7% होगी। बेस रेट कर्ज लेने वालों की किस्त भी बढ़ेगी। ज्यादातर बैंक ईबीएलआर या आरएलएलआर पर कर्ज देते हैं। बैंक हर तिमाही के दौरान दरों की समीक्षा करते हैं।
अहमदाबाद में मेडिकल कॉलेज को मिला नरेंद्र मोदी का नाम
भाजपा शासित अहमदाबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन (एएमसी) के शिक्षा ट्रस्ट द्वारा संचालित एक मेडिकल कॉलेज का नाम गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया। मेडिकल एजुकेशन ट्रस्ट (एमईटी) अहमदाबाद के मणिनगर इलाके में कॉलेज चलाता है। नगर निगम के अध्यक्ष हितेश बरोट ने कहा, अब शहर के मणिनगर इलाके में एएमसी संचालित एलजी अस्पताल के परिसर से चलने वाले एएमसी एमईटी मेडिकल कॉलेज को नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज के नाम से जाना जाएगा।
कोयला तस्करी मामले में भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी को समन
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी को कोयला तस्करी मामले की जांच के संबंध में सीआईडी ने समन भेजा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि सीआईडी ने पूछताछ के लिए तिवारी को शुक्रवार को शहर में उसके अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा है। आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के पूर्व महापौर तिवारी ने नोटिस मिलने की पुष्टि की है। वह 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे।
428 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में पीएसएल ग्रुप के खिलाफ केस
सीबीआई ने पीएसएल समूह और उसके निदेशकों के खिलाफ केनरा बैंक के साथ कथित तौर पर 428.50 करोड़ की धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने बृहस्पतिवार को मुंबई व गुजरात में सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। सीबीआई ने मामले में कंपनी के अलावा इसके निदेशक अशोक योगेंद्र पुंज, राजेंद्र कुमार बाहरी, चितरंजन कुमार, जगदीश चंद्र गोयल और आलोक योगेंद्र पुंज को भी आरोपी बनाया है।
महामारी के बाद 23 सितंबर से फिर खुलेगा भारत-भूटान सीमा द्वार
असम सीमा के साथ लगे समदरुप झोंगखर और गेलेफू में भारत-भूटान सीमा द्वार 23 सितंबर को कोविड -19 महामारी के बाद एक बार फिर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। गृह और सांस्कृति मामलों के मंत्रालय के हिमालयी राजशाही के निदेशक (कानून-व्यवस्था) ताशी पेंजोर के नेतृत्व में भूटान के प्रतिनिधिमंडल और बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के बीच बुधवार को बैठक के बाद इस बारे में घोषणा की गई। करीब ढाई साल के बाद सीमा द्वार को खोला जाएगा। पेंजोर ने कहा, कोविड -19 परिदृश्य में सुधार हुआ है, भूटान सरकार ने 23 सितंबर से व्यापार, वाणिज्य और आधिकारिक आवाजाही के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोलने की घोषणा की है, बशर्ते कि महामारी की स्थिति खराब न हो।
कजाखस्तान में धर्मों के बाजार से बचें पोप : बिशप श्नाइडर
बृहस्पतिवार को पोप फ्रांसिस ने कजाखस्तान के अनेक बिशप और पादरियों को पुरानी यादों को हवा नहीं देने के प्रति चेताया। दरसअल उनके एक आलोचक ने ऐसा ही कुछ करते हुए चेताया था कि एक अंतरधार्मिक सम्मेलन में फ्रांसिस की भागीदारी ‘धर्मों के सुपरमार्केट’ (धर्मों के बाजार) को पोप का सीधा समर्थन हो सकती है। अस्ताना के सहायक बिशप एथेनासियस श्नाइडर की ओर से इसी तरह की एक चेतावनी जारी की गई है जिन्हें फ्रांसिस का मुखर आलोचक माना जाता है।
पोप फ्रांसिस ने कजाखस्तान में अपनी यात्रा के तीसरे और आखिरी दिन की शुरुआत बिशप, पादरियों और अनेक नन से मुलाकात के साथ की। बाद में उन्हें सरकार द्वारा प्रायोजित एक अंतरधार्मिक सम्मेलन को संबोधित करना है जिसमें वह इस बात पर जोर दे सकते हैं कि युद्ध को जायज ठहराने के लिए कभी धर्म का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने पादरियों से आग्रह किया कि वे गिरजाघरों के छोटे आकार में खुशी खोजें।
अमेरिका में ईरान के तीन नागरिकों पर हैकिंग के आरोप तय
अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने कहा है कि ईरान के तीन नागरिकों पर देश में रैंसमवेयर हमले करने के आरोप लगाए गए हैं। उन पर बिजली कंपनियों, स्थानीय सरकारों, छोटे कारोबारों और घरेलू हिंसा के पीड़ितों के एक आश्रय गृह समेत कई गैर-लाभकारी संगठनों को निशाना बनाने का आरोप है। मंत्रालय ने कहा कि हैकिंग के संदिग्धों पर अमेरिका और दुनियाभर में सैकड़ों संस्थाओं को निशाना बनाने, आंकड़े चुराने तथा फिरौती न देने पर डाटा सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
कुछ मामलों में पीड़ितों ने फिरौती भी दी है। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने बोस्टन के एक बाल चिकित्सालय में किए जाने वाले साइबर हमले को रोक दिया था। आरोप है कि ईरान प्रायोजित हैकरों ने अस्पताल पर साइबर हमला करने की कोशिश की थी। एफबीआई निदेशक क्रिस्टोफर रे ने कहा, देश में साइबर हमले का खतरा हर दिन जटिल होता जा रहा है। इसे नजरअंदाज नहीं कर सकते।