Andhra Pradesh Polls: सीईसी बोले- चुनाव आयोग प्रलोभन मुक्त चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध, रखी जाएगी कड़ी नजर
Andhra Pradesh Polls: मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग ने चुनावी मशीनरी और पूरी नौकरशाही को निष्पक्ष, पारदर्शी और सभी हितधारकों के लिए सुलभ होने पर जोर दिया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि चुनाव आयोग पारदर्शी और प्रलोभन मुक्त चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी अपराधियों से सख्ती से निपटने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
चुनाव आयोग ने अधिकारियों को दिए निर्देश
उन्होंने यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग ने चुनावी मशीनरी और पूरी नौकरशाही के निष्पक्ष, पारदर्शी और सभी हितधारकों के लिए सुलभ होने पर जोर दिया है और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की टीम ने कई सियासी दलों से मुलाकात की है। जिन्होंने नकदी बांटे जाने पर नियंत्रण से लेकर वोटों को प्रभावित करने और प्रलोभन मुक्त चुनावों के लिए सख्त कार्रवाई करने जैसे कई अनुरोध किए हैं।
नकदी पर रखी जाएगी कड़ी नजर
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं कि केवल शराब के उन छोटे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जो इसे ले जा रहे हैं। बल्कि, उन सरगनाओं के पास भी पहुंचेंगे जो इस अपराध के आयोजक हैं। इसी तरह बैंकों, वॉलेट, यूपीआई द्वारा नकदी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हवाई पट्टियों और हेलीपैड सहित सभी हवाई अड्डों पर खुफिया आधार पर सभी प्रकार की सेवाओं की जांच की जाएगी।
राज्य में चार करोड़ से ज्यादा मतदाता
सीईसी कुमार के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में 4.07 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 2.07 महिला मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि करीब 5.80 लाख मतदाता 80 साल से अधिक उम्र के हैं और 1,174 मतदाता 100 साल से अधिक उम्र के हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा में 175 सीटें हैं जबकि लोकसभा की 25 सीटें हैं। आंध्र प्रदेश में आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले सीईसी कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग ने आज समाप्त हुई अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा की।