रिपोर्ट में खुलासा : केंद्रीय कैबिनेट के 29 फीसदी मंत्रियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले
- इस बार की कैबिनेट में 22 मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज
- 2019 की केंद्रीय कैबिनेट में 15 मंत्रियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले
- इस बार की केंद्रीय कैबिनेट में मौजूद 51 मंत्री करोड़पति हैं
- यूनियन कैबिनेट में मौजूद मंत्रियों की औसत संपत्ति 14.72 करोड़ रुपये है
विस्तार
लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व यानी लोकसभा चुनाव 2019 संपन्न हो चुका है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने एतिहासिक जनमत हासिल करते हुए दोबारा सरकार बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 57 कैबिनेट मंत्रियों के साथ शपथ भी ले चुके हैं। नेशनल इलेक्शन वॉच (एनईडब्ल्यू) और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) प्रधानमंत्री समेत 56 मंत्रियों के स्वयं शपथ पत्रों का विश्लेषण किया है। हालांकि, इनमें रामविलास पासवान और डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर के विवरणों का विश्लेषण नहीं किया गया क्योंकि वे वर्तमान में किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
आपराधिक मामलों वाले मंत्रियों की संख्या में बढ़त
इस विश्लेषण के मुताबिक साल 2014 के केंद्रीय कैबिनेट में घोषित आपराधिक मामलों वाले मंत्रियों का प्रतिशत 31 था वहीं गंभीर घोषित आपराधिक मामलों वाले मंत्रियों का प्रतिशत 17 था। यह आंकड़ा इस बार की केंद्रीय कैबिनेट में बढ़ गया है। विश्लेषण के मुताबिक इस बार के मंत्रिमंडल में आपराधिक मामलों वाले मंत्रियों का प्रतिशत 39 है तो गंभीर घोषित आपराधिक मामलों वाले मंत्रियों का प्रतिशत 29 है।
करोड़पति कैबिनेट मंत्रियों की संख्या
करोड़पति मंत्रियों की बात करें तो 2014 की यूनियन कैबिनेट में 59 मंत्री (92 फीसदी मंत्री) करोड़पति थे। यह आंकड़ा इस बार की कैबिनेट में घट गई है। इस बार की केंद्रीय कैबिनेट में करोड़पति मंत्रियों की संख्या 51 (91 फीसदी) है।
कैबिनेट मंत्रियों की औसत संपत्ति
कैबिनेट में मौजूद मंत्रियों की औसत संपत्ति की बात करें तो साल 2014 की कैबिनेट में मौजूद मंत्रियों की औसत संपत्ति 14.25 करोड़ रुपये थी। वहीं, साल 2019 की केंद्रीय कैबिनेट में शामिल मंत्रियों की औसत संपत्ति 14.42 करोड़ रुपये है।
महिला और पुरुष मंत्री
केंद्रीय कैबिनेट में महिला और पुरुष मंत्रियों की बात करें तो साल 2014 की कैबिनेट में 57 पुरुष मंत्री थे तो सात महिला मंत्रियों को इसमें जगह मिली थी। वहीं, इस बार की कैबिनेट में पुरुष मंत्रियों की संख्या 50 है और महिला मंत्रियों की संख्या छह है।
इस बार की केंद्रीय कैबिनेट में 22 मंत्री हैं जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कुल मंत्रियों का 39 फीसद है। वहीं, 15 मंत्री ऐसे हैं जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। 51 करोड़पति मंत्री हैं और मंत्रियों की औसत संपत्ति 14.72 करोड़ रुपये है।