अहम चर्चा: एनएसए डोभाल की जर्मनी के सुरक्षा और विदेश नीति सलाहकार से बातचीत, यूक्रेन युद्ध का भी उठा मुद्दा
इन दिनों कई उच्च स्तरीय विदेशी व्यक्ति यूक्रेन संकट के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर परामर्श के लिए भारत का दौरा कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकर अजीत डोभाल ने बुधवार को जर्मनी के सुरक्षा और विदेश नीति सलाहकार जेन्स प्लॉटनर के साथ बातचीत की, जिसमें यूक्रेन में संघर्ष के साथ-साथ प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों पर भू-राजनीतिक उथल-पुथल पर चर्चा हुई। प्लॉटनर एक दिवसीय भारत यात्रा पर हैं जिसके बाद वह जापान जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, वार्ता में डोभाल ने विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के दृष्टिकोण पर जोर दिया और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सभी राज्यों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ प्रमुख वैश्विक मामलों पर चर्चा की। जर्मन चांसलर के सुरक्षा और विदेश नीति सलाहकार की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब कई अन्य उच्च स्तरीय विदेशी व्यक्ति यूक्रेन संकट के साथ-साथ अन्य क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर परामर्श के लिए भारत का दौरा कर रहे हैं। एक सूत्र ने कहा कि दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की मजबूती और लचीलेपन और पारस्परिक लाभ के लिए इसमें मौजूद अपार संभावनाओं पर बात की।
सूत्र ने कहा, वे इस बात पर सहमत हुए कि आगामी छठा अंतर-सरकारी परामर्श दोनों पक्षों के नेतृत्व को द्विपक्षीय साझेदारी को बढ़ाने और तेज करने का अवसर प्रदान करेगा। दोनों पक्ष आपसी हित के मुद्दों पर बातचीत करते रहने पर सहमत हुए। वार्ता से पहले प्लॉटनर ने कहा कि दुनिया को यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के भू-राजनीतिक परिणामों को समझना चाहिए। प्लॉटनर ने संवाददाताओं से कहा कि जर्मनी यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम की मांग कर रहा है और वह पूर्वी यूरोपीय राष्ट्र में संकट पर अपने देश के दृष्टिकोण को साझा करने के लिए भारत में हैं।
प्लॉटनर ने रूस पर पश्चिमी प्रतिबंधों के प्रभाव को सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। प्लॉटनर ने कहा कि अगर रूसी आक्रमण को रोका नहीं गया तो दुनिया के लिए बड़े परिणाम होंगे। उन्होंने रूसी हमले को अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और नियमों का खुला और अकारण उल्लंघन बताया।
जयशंकर से भी मिले प्लॉटनर
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया, जर्मनी के चांसलर के विदेश व सुरक्षा नीति सलाहकार जेंस प्लॉटनर से बुधवार दोपहर मुलाकात की। जाहिर तौर पर, हमारी बातचीत यूक्रेन की स्थिति पर केंद्रित रही। यूक्रेन संकट के बीच प्लॉटनर एक दिन के दौरे पर भारत आए। प्लॉटनर से बातचीत में डोभाल ने सभी राष्ट्रों की संप्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता के अनुरूप विवाद के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने कई द्विपक्षीय मुद्दों पर भी चर्चा की।