कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने 22 को फिर गुजरात दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात में मिली हार को नजरअंदाज कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को धन्यवाद देने 22 को अहमदाबाद जाएंगे। सूत्रों की मानें तो राहुल सोमनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी जा सकते हैं।
पढे़ें- गुजरात के चुनाव नतीजों पर बोले राहुल गांधी- पीएम मोदी के गुस्से को हराएगा प्यार
सोमनाथ की चारों सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। राहुल के हिमाचल जाने का कार्यक्रम भी तैयार किया जा रहा है। दरअसल, गुजरात प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव नतीजों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय बैठक बुलाई है। 20, 21 और 22 को राज्य के विभिन्न हिस्सों और विधानसभाओं के नतीजों पर कार्यकर्ता अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।
कांग्रेस उन कारणों की पड़ताल भी करना चाहती है कि जहां मामूली अंतर से उसकी हार हुई है। राहुल बैठक के आखिरी दिन पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
गुजरात में तीन मुस्लिम उम्मीदवार जीते
तीन मुस्लिम उम्मीदवार जीत दर्ज कर इस बार गुजरात विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे हैं। जबकि पिछली बार दो मुस्लिम विधायक बनने में कामयाब रहे थे। इस बार चुनाव जीतने वाले तीनों मुस्लिम उम्मीदवार कांग्रेसी हैं। कांग्रेस ने छह मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था, जिनमें से तीन शहरी सीटें थीं।
इन उम्मीदवारों ने जमालपुर-खाड़िया, अहमदाबाद के दरियापुर और राजकोट के वानकानेर में जीत दर्ज की। जबकि सुरत पश्चिम, भरुच के वगरा और भुज के आरपीटी भुज में भाजपा से हार गए। जीत दर्ज करने वाले वानकानेर के जावेद पीरजादा, दरियापुर के गयासुद्दीन शेख और जमालपुर खाड़िया के इमरान शामिल हैं। इमरान ने यह सीट भाजपा से छीनी है।
वहीं गुजरात में पहली बार चुनाव लड़ने उतरी आम आदमी पार्टी ने वानकानेर से उस्मान गानी को टिकट दिया, लेकिन वह सिर्फ 2808 वोट पाने में कामयाब रहे। भाजपा ने इस बाद राज्य विधानसभा चुनाव में किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया था। जबकि राज्य में मुस्लिम आबादी 9.67 फीसदी है।