खुशखबरः त्योहारी सीजन में महंगे नहीं होंगे एसी, फ्रिज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु निर्माता कंपनियों ने सीमा शुल्क में बढ़ोतरी के बावजूद इस त्योहारी सीजन में दहाई आंकड़े में वृद्धि की उम्मीद जताई है। अधिकांश कंपनियों ने तय किया है कि शुल्क बढ़ोतरी से वस्तुओं की कीमतों पर होने वाले असर को वह उपभोक्ताओं पर नहीं डालेंगी। उद्योग की कंपनियों ने यह जानकारी दी है।
डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जैसे कारकों के बावजूद पैनासोनिक, हायर, गोदरेज अप्लायंसेज तथा बॉश हाउसहोल्ड अप्लायंसेज त्योहारी सीजन के उल्लास को बरकरार रखने का प्रयास कर रही हैं। इन कंपनियों की सालाना बिक्री में हिस्सेदारी लगभग 25 फीसदी है। देश में त्योहारी सीजन दक्षिण में ओणम से शुरू होकर दुर्गा पूजा व दिवाली तक चलता है।
केरल में इस साल बाढ़ ने दक्षिण के त्योहारी सीजन को पहले ही बेकार कर दिया। इसके अलावा, आयातित एयरकंडीशनर, रेफ्रिजरेटर तथा वाशिंग मशीन पर मूलभूत आयात शुल्क में 20 फीसदी की बढ़ोतरी तथा कंप्रेशर पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया है।
सीजन के बाद कीमतों में संशोधन
पैनासोनिक इंडिया के प्रेसीडेंट एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मनीष शर्मा ने कहा कि कंप्रेशर की कीमतों में बढ़ोतरी से निश्चित तौर पर रेफ्रिजरेटरों व एयरकंडीशनरों की कीमतें बढ़ेंगी, जिसका बाजार की धारणा पर असर होगा। लेकिन, आगामी त्योहारी सीजन के उल्लास को बरकरार रखने के लिए लागत में हुई बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर नहीं पड़ने देंगे। हम त्योहारी सीजन के बाद ही कीमतों में संशोधन पर विचार करेंगे।
पहले ही हो चुका माल का आयात
गोदरेज अप्लायंसेज के बिजनेस हेड एवं कार्यकारी वाइस प्रेसीडेंट कमल नंदी ने कहा कि औद्योगिक स्तर पर त्योहारी सीजन के लिए अधिकतर वस्तुओं व तैयार माल का आयात पहले ही किया जा चुका है, इसलिए हमें त्योहारी सीजन में ही उनकी कीमतों में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
अगर थोड़ा बहुत असर होता है, तो उत्पादक कंपनियां लागत में आई वृद्धि को उपभोक्ताओं पर जहां तक संभव होगा, नहीं डालने का प्रयास करेंगी, ताकि त्योहारी सीजन की धारणा पर कोई असर नहीं पड़े। कीमतों में वृद्धि आयात की अगली खेप आने के बाद की जाएगी और कंपनी अभी कीमतें नहीं बढ़ाएंगी, ताकि त्योहारी सीजन को लेकर लोगों में जो उल्लास है, उसपर कोई फर्क नहीं पड़े।
मार्केटिंग पर तगड़ा खर्च
कुल मिलाकर हम त्योहारी सीजन के दौरान मार्केटिंग पर 40 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं। पैनासोनिक इंडिया के सीईओ ने कहा कि मार्केटिंग की योजना व लक्ष्य योजना के अनुसार आगे बढ़ेगा और त्योहारी सीजन के दौरान मांग पूरी करने के लिए वे पहले ही माल स्टॉक कर चुके हैं।