अरुणाचल हादसा: 22 मजदूरों को ले जा रहा ट्रक खाई में गिरा; 18 शव बरामद, एक ही गांव के रहने वाले थे सभी श्रमिक
अरुणाचल प्रदेश के चगलागाम क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ, जहां 22 मजदूरों को लेकर जा रहा ट्रक गहरी खाई में गिर गया। घटना बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण इसकी जानकारी देर से मिल पाई। भारतीय सेना, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासन के संयुक्त अभियान में अब तक 18 शव मिल चुके हैं, जिनमें से अधिकांश तिनसुकिया जिले के एक ही गांव के मजदूर थे जो निर्माण कार्य के लिए गए थे।
विस्तार
भारतीय सेना ने अरुणाचल प्रदेश के चगलागाम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया है। बता दें कि बुधवार को हायुलियांग-चगलागाम सड़क पर किलोमीटर 40 के पास एक वाहन दुर्घटना की जानकारी मिली थी। एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति, जो किसी तरह चिप्रा जीआरईएफ कैंप तक पहुंच पाया, ने बताया कि 8 दिसंबर की रात 22 मजदूरों को लेकर जा रहा ट्रक खाई में गिर गया था। दुर्घटना स्थल चगलागाम से लगभग 12 किलोमीटर पहले अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में है, जहां सीमित संपर्क होने के कारण स्थानीय एजेंसियों, ठेकेदारों या किसी नागरिक प्रतिनिधि द्वारा घटना की सूचना नहीं दी जा सकी।
ये भी पढ़ें: NIA: सात साल से फरार रामलिंगम हत्याकांड में एनआईए ने दबोचे दो फरार अपराधी; दोनों ने काटे थे हाथ, तीन शरणदाता भी गिरफ्तार
अब तक 18 मजदूरों का शव मिला
गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एमएस रावत ने बताया कि गुरुवार को स्पीयर कोर ने कई सर्च और रेस्क्यू टीमें, मेडिकल दल, जीआरईएफ प्रतिनिधि, स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ और एडीसी हायुलियांग को मौके पर रवाना किया। करीब चार घंटे की तलाशी और रस्सी के सहारे नीचे उतरने के
बाद 11:55 बजे ट्रक को सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे घने जंगल और पत्तियों की वजह से अत्यंत कठिनाई से देखा जा सका। अब तक 18 शव दिखाई दिए हैं और उन्हें बेल-रोप तकनीक से निकाला जा रहा है। इनमें से 19 की पहचान हो चुकी है। 17 शव निकाले जा चुके हैं। ये सभी तिनसुकिया जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे और अरुणाचल में एक हॉस्टल के निर्माण कार्य के लिए गए थे।
जानकारी के अनुसार, डंपर ट्रक मजदूरों को अरुणाचल प्रदेश के एक निर्माण स्थल पर ले जा रहा था। यह सभी तिनसुकिया के गेलापुखुरी टी एस्टेट से थे। इनमें शामिल हैं: बुधेस्वर दीप, राहुल कुमार, समीर दीप, जून कुमार, पंकज मांकी, अजय मांकी, विजय कुमार, अभय भूमिज, रोहित मांकी, बीरेन्द्र कुमार, अगर तांती, धीरन चेटिया, रजनी नाग, दीप ग्वाला, रामचाबक सोनार, सोनाटन नाग, संजय कुमार, करण कुमार और जोनास मुंडा।
खोज व बचाव अभियान जारी
डिप्टी कमिश्नर स्वप्निल पॉल ने बताया, लगभग 11 बजे सूचना मिली कि अंजॉ जिले में एक वाहन खाई में गिर गया है। इसके बाद हमने अंजॉ और तेजू के डीसी से संपर्क किया। कठोर भौगोलिक परिस्थितियों और खराब दृश्यता के बावजूद सेना, सिविल प्रशासन और विभिन्न एजेंसियां मिलकर शेष लोगों की तलाश और त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए पूरा प्रयास कर रही हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.