फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   41 candidates elected unopposed to Rajya Sabha: Complete list here

Rajya Sabha Election: बिना वोटिंग के 41 उम्मीदवार बने सांसद, जानें इनमें कितने नए चेहरे और कितनों को फिर मिला मौका

Fri, 10 Jun 2022 08:48 AM IST
जयदेव सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जयदेव सिंह Updated Fri, 10 Jun 2022 08:48 AM IST
सार

उत्तर प्रदेश से 11 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। निर्वाचित हुए 11 उम्मीदवारों में से आठ भाजपा से तो तीन सपा गठबंधन के कोटे से हैं। बिहार से पांच सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इनमें दो सीटें भाजपा, दो राजद और एक जदयू  के कोटे में गई है। 

विज्ञापन
41 candidates elected unopposed to Rajya Sabha: Complete list here
राज्यसभा चुनाव। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

15 राज्यों की 57 सीटों पर राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इन 57 में से 41 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। चार राज्यों की 16 सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। जिन 41 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों की सीटें शामिल हैं। 

विज्ञापन

आइए जानते हैं कि किस राज्य से कौन निर्विरोध चुना गया है? कितने लोगों को फिर से सदन पहुंचने का मौका मिला है? कितने नए चेहरे राज्यसभा में नजर आने वाले हैं? जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां कौन उम्मीदवार है और इनमें कितने मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं?

विज्ञापन

उत्तर प्रदेश से कौन निर्विरोध सांसद चुना गया है?

उत्तर प्रदेश से 11 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। निर्वाचित हुए 11 सांसदों में से आठ भाजपा से तो तीन सपा के कोटे से हैं। भाजपा के लक्ष्मीकांत बाजपेयी के अलावा भाजपा के ही पूर्व विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल, महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह, पूर्व विधायक संगीता यादव, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र कुमार नागर, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के.लक्ष्मण तथा पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार को राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित किया गया है। सपा गठबंधन की ओर से सपा के राज्यसभा सदस्य जावेद अली, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य निर्दलीय के तौर पर उतरे कपिल सिब्बल और रालोद के जयंत चौधरी चुने गए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बिहार से कौन निर्विरोध चुना गया?

बिहार से पांच सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इनमें दो सीटें भाजपा, दो राजद और एक जदयू  के कोटे में गई है। भाजपा से सतीशचंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल, जदयू से खीरू महतो, राजद से मीसा भारती और फैयाज अहमद राज्यसभा पहुंचे हैं। इन पांच में मीसा भारती और सतीशचंद्र दुबे फिर से राज्यसभा जा रहे हैं। 

तमिलनाडु से कौन राज्यसभा पहुंचा?

तमिलनाडु से छह सांसद निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें सत्ताधारी डीएमके से तीन, एआईएडीएमके से दो और कांग्रेस से एक उम्मीदवार का निर्वाचन हुआ है। डीएमके के एस कल्याणसुंदरम, आर गिरिराजन और केआरएन राजेश कुमार, एआईएडीएमके के सीवी शनमुगम और आर धर्मर तथा कांग्रेस के पी चिदंबरम निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। चिदंबरम फिलहाल महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। 

आंध्र प्रदेश की चारों सीटों पर वाईएसआर कांग्रेस जीती

आंध्र प्रदेश की चार सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो रहा है। सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस के चारो उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। निर्वाचित उम्मीदवारों में वी. विजयसाई रेड्डी, बी. मस्तान राव, आर. कृष्णैया और एस. निरंजन रेड्डी शामिल हैं। राज्यसभा में अब वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है।

मध्य प्रदेश, ओडिशा से तीन-तीन उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए?

मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तीन-तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव हुए। मध्य प्रदेश में भाजपा को दो तो कांग्रेस को एक सीट मिली। भाजपा से कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि तो कांग्रेस से विवेक तन्खा चुने गए। तन्खा फिर से राज्यसभा पहुंचेंगे। ओडिशा की तीनों सीटें बीजद के उम्मीदवार जीते। राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित बीजद उम्मीदवारों में सुलाता देव, मानस रंजन मंगराज और सस्मित पात्रा शामिल रहे। आपको बता दें कि पात्रा दोबारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। 

इन चार राज्यों से दो-दो उम्मीदवार निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे?

तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब और झारखंड में दो-दो सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन आठ सीटों पर भी सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। तेलंगाना में दोनों सीट टीआरएस को मिलीं। टीआरएस के बी. पार्थसारधी रेड्डी और डी. दामोदर राव राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।

वहीं, छत्तीसगढ़ में दोनों सीटें कांग्रेस को मिलीं। यहां से राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन निर्विरोध चुन लिए गए। पंजाब में दोनों सीटें आम आदमी पार्टी को मिलीं। यहां से बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी को निर्विरोध चुने गए।

झारखंड में एक सीट झामुमो तो एक सीट भाजपा को मिली। यहां से भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू और झामुमो प्रत्याशी महुआ माजी चुनी गईं। वहीं, उत्तराखंड की एक मात्र सीट भाजपा के खाते में गई। यहां से भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर कल्पना सैनी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

इन चार राज्यों की 16 सीटों पर हो रहा मतदान 

महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान और हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के तहत आज वोट डाले जा रहे हैं। महाराष्ट्र में छह सीटों के लिए सात उम्मीदवार, कर्नाटक में चार सीटों के लिए छह उम्मीदवार, राजस्थान में चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार तो हरियाणा में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed