बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला: SSC ने अपलोड की 2016 भर्ती परीक्षा की OMR शीट्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग ने 2016 की शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट्स अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं। आयोग ने यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में उठाया है। आयोग के अध्यक्ष सिद्धार्थ मजूमदार ने बताया कि शनिवार आधी रात के बाद कक्षा 9-10 और 11-12 के सहायक शिक्षक पदों के लिए आयोजित प्रथम राज्य स्तरीय चयन परीक्षा (एसएलएसटी-2016) में शामिल करीब 3.5 लाख उम्मीदवारों की स्कैन की गई ओएमआर शीट्स अपलोड की गई हैं। अब अभ्यर्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाएं आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
आयोग के अनुसार, गैर-शिक्षण पदों की ओएमआर शीट्स भी जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड की जाएंगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये दस्तावेज केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से प्राप्त हार्ड डिस्क के आधार पर अपलोड किए गए हैं और यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के 3 अप्रैल 2025 के आदेश के अनुपालन में की गई है।
यह मामला 2016 की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है, जिस पर कलकत्ता हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने 22 अप्रैल 2024 को बड़ा फैसला सुनाते हुए 25,752 शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति रद्द करने का आदेश दिया था। इनमें 17,209 शिक्षक और शेष ग्रुप-C और ग्रुप-D कर्मचारी शामिल थे। सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश को 3 अप्रैल 2025 को बरकरार रखा था।
आयोग का कहना है कि OMR शीट्स का प्रकाशन सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भावना के अनुरूप किया गया है और इसका उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। हालांकि आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस कदम का राज्य में सरकार परिवर्तन से कोई संबंध नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक, आयोग ने यह कदम उस समय उठाया है जब सितंबर 2025 में शुरू की गई नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत नई नियुक्तियों की काउंसलिंग भी जारी है। आयोग ने बताया कि उच्च माध्यमिक स्तर पर सहायक शिक्षकों के 12,514 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।