अंबाला। इद्रीश फाउंडेशन की तरफ से प्रोजेक्ट सेवा के तहत दिहाड़ी मजदूर और प्रवासी लोग जो लंबे समय से अंबाला में रह रहे हैं लेकिन लॉक डाउन के चलते कोई काम धंधा नहीं होने से भूखे मरने की कगार पर हैं को राशन वितरित किया गया। इन लोगों तक कोई संस्था अभी तक नहीं पहुंच पाई थी। संस्था ने राशन बांटने से पहले यहां सभी इलाको में सर्वे किया और उनकी स्थिति का पूरा जायजा लिया।इसके बाद आर्मी एरिया, माल रोड, मोची मंडी, बब्याल, पल्लेदार मोहल्ला, हाउसिंग बोर्ड, साईं अस्पताल, नजदीक कंटोनमेंट बोर्ड एरिया संस्था के सदस्यों ने इन एरिया में राशन वितरण का कार्य किया। वहीं पाम होटल के संस्थापक शुभम अनेजा ने अपनी दरियादिली दिखाते हुए 200 बोरी आटे का दान देकर मानवता का परिचय दिया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि इस सेवा में कई दानी सज्जनों का विशेष योगदान रहा है। यमुनानगर से खुशी उन्नति केंद्र जो वहां गरीब बच्चों को पढ़ाने का कार्य कई सालों से कर रही है उन्होंने गरीबों और मजदूर वर्ग में बांटने के लिए डोनेशन में मास्क दिए।