Fact Check: मैक्सिको में चोरी के वीडियो को अमेरिका में अनन्या अलवानी की घटना से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक महिला अपने कपड़ों में सामान की चोरी कर रही है। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वीडियो अमेरिका में चोरी करते पकड़ी गई अनन्या अलवानी का है। हमारी पड़ताल में यह वीडियो मैक्सिको का निकला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलिनोइस के एक टारगेट स्टोर में एक भारतीय महिला समाना चुराते पकड़ी गई। 1.1 लाख रुपये मूल्य के सामान चुराती पकड़ी गई महिला का नाम अनन्या अलवानी बताया जा रहा है। इसके बाद भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने वीजा चेतावनी जारी की है। दूतावास की तरफ से कहा गया है कि अमेरिका में हमला, चोरी या सेंधमारी करने पर वीजा रद्द किया जा सकता है। अब इस घटना से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, इस वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला गर्भवती होने का नाटक करती है, उसे पुलिस द्वारा पकड़ लिया जाता है। पुलिस के द्वारा पकड़े जाने पर वह अपने कपड़ों के अंदर से कई कपड़ों को निकालती है जो उसने चुराए थे। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय मूल की महिला अनन्या अलवानी है। यह महिला अमेरिका के एक स्टोर में चोरी करते हुए पकड़ी गई।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो 2 महीने पुराना है। यह घटना मैक्सिको की है जिसे अमेरिका की घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो में महिला के भारत के होने की भी कोई पुष्टि किसी मीडिया रिपोर्ट में नहीं मिली है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय मूल की महिला अनन्या अलवानी है। इस महिला ने अमेरिका के एक स्टोर में चोरी करके भारत की नाक कटा दी है।
बरखा त्रेहन (@barkhatrehan16) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “अनन्या अलवानी ने अमेरिका में कर दी बड़ी शर्मिंदगी! 1 लाख से ज़्यादा के कपड़े टॉप के नीचे छुपाकर की चोरी , CCTV में पकड़ी गई, स्टाफ ने मौके पर दबोचा! परिवार से मिलने गई थी, पर कर बैठी ऐसा कांड कि भारत का सिर शर्म से झुक गया!” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें वायरल हो रहे वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट वैनगार्डिया नाम की वेबसाइट पर देखने को मिली। ला वैनगार्डिया एक स्पेनिश दैनिक समाचार पत्र है जिसकी स्थापना 1881 में हुई थी। इस रिपोर्ट को 1 मई 2025 को शेयर किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि “एक महिला को स्टोर के सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर बिना पैसे दिए कपड़े चुराने की कोशिश करने पर गिरफ्तार कर लिया था। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में युवती को अर्धनग्न अवस्था में फर्श पर लेटा हुआ दिखाया गया है, और उसके शरीर पर कथित रूप से चुराए गए कुछ कपड़े ढके हुए हैं। इस घटना के बाद, जिस तरह से उसे दिखाया गया और दबाया गया, उसकी कड़ी आलोचना हुई। सोशल मीडिया यूजर्स, कार्यकर्ताओं और वकीलों ने इस व्यवहार की निंदा करते हुए इसे अपमानजनक बताया” यहां से हमें पता चला कि यह वीडियो दो महीने पुराना है। यह घटना अमेरिका नहीं बल्कि साल्टिलो की है जोकी मेक्सिको में स्थित है।
आगे हमें इस वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट एक्सेलसियर पर देखने को मिली। इस रिपोर्ट को 2 मई 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि “पिछले मंगलवार, 29 अप्रैल, 2025 को कोआहुइला के साल्टिलो में प्लाज़ा पैटियो के अंदर स्थित एक कॉपेल स्टोर में एक घटना हुई। एक महिला को एक ऐसे तरीके से सामान चुराने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया जो जितना चालाक था उतना ही धोखाधड़ी वाला भी: उसने अपनी पोशाक के नीचे कई सामान छिपाने के लिए गर्भवती होने का नाटक किया।”
अनन्या अलवानी वाली घटना जानने के लिए हमने कीवर्ड के माध्यम से सर्च किया। यहां हमें एनडीटीवी वर्ल्ड पर एक रिपोर्ट देखने को मिली। 17 जुलाई 2025 को प्रकाशित इस रिपोर्ट में बताया गया था कि एक भारतीय महिला ने कथित तौर पर टारगेट स्टोर में सात घंटे से ज़्यादा समय बिताया और 1,300 डॉलर (1.1 लाख रुपये) का सामान खरीदा और फिर बिना भुगतान किए स्टोर से निकलने की कोशिश की। 1 मई को हुई यह घटना तब सामने आई जब टारगेट के एक कर्मचारी और महिला के बीच हुई झड़प का वीडियो वायरल हो गया।
एनडीटीवी की रिपोर्ट में दिख रही महिला वायरल वीडियो में दिख रही महिला ने बिल्कुल अलग है। पड़ताल में पता चला कि अनन्या अलवानी को अमेरिका में चोरी करने के लिए पकड़ा गया है, लेकिन वायरल वीडियो में दिख रही घटना मैक्सिको के एक स्टोर में चोरी करने की है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला का वीडियो मैक्सिको में चोरी की घटना से संबंधित है। इसे अनन्या अलवानी का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।