Fact Check: ममता बनर्जी के टीएमसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वीडियो को गलत दावे के साथ किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है ममता बनर्जी बंगाल की जनता को गरीब रहने के लिए कह रही हैं। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, इस वीडियो में ममता बनर्जी बंगाली भाषा में भाषण देती हुई नजर आ रही हैं। वह कह रही हैं कि मैं चाहती हूं कि आप... गरीब ही रहें... यानी घर में जो भी उपलब्ध हो उसी पर गुजारा करें। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने बंगाली में दिए गए एक भाषण में पश्चिम बंगाल के लोगों से कहा कि " गरीब रहो " और " घर में जो भी खाना है, वही खाओ और ज़िंदा रहो। " आरोप लगाया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल के लोगों से यही उम्मीद करती हैं कि वे गरीब ही रहें।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल के दौरान यह सामने आया कि ममता बनर्जी ने 21 जुलाई 2024 को कोलकाता में शहीद दिवस रैली में टीएमसी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह बातें कही थी। अपने भाषण में, ममता बनर्जी ने सदस्यों से लोगों की सेवा करने और लालच न करने की बात कही थी।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के लोगों गरीबी में रहने के लिए कह रही हैं।
जयजीत रॉय नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “मैं चाहती हूँ कि आप गरीब ही रहें। आपके घर में जो भी खाना हो, खाएं और जिंदा रहें: ममता बनर्जी” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के अधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देखने को मिला। 21 जुलाई 2024 को पोस्ट यह वीडियो वायरल हो रहे वीडियो को पूर्ण संस्करण था। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था “धर्मतल्ला में 21 जुलाई शहीद दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए” मूल वीडियो में, वायरल क्लिप 2:58:13 टाइमस्टैम्प के आसपास दिखाई देती है। वीडियो को पूरा सुनने पर समझ आता है कि वह अपनी पार्टी के विधायकों, सांसदों और नगर पालिकाओं के सदस्यों को निर्देश देती हैं कि लोगों की सेवा करें और लालच न करें जो आपके पास है उसी से गुजारा करें।
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि ममता बनर्जी के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।