Fact Check: गाय के स्कूटी चलाने के एआई से बने वीडियो को असली बताकर किया जा रहा शेयर, पड़ताल में पढ़ें सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर गाय के स्कूटी चलाने का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि गाय असली में स्कूटी चला रही है। हमारी पड़ताल में यह वीडियो एआई से बना निकला है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गाय पास खड़ी स्कूटी पर बैठती है और इसे चलाकर ले जाती है। अगले वीडियो में, गाय किसी भारतीय सड़क पर स्कूटर चलाती हुई दिखाई दे रही है। इसे इस तरह से खूब शेयर किया जा रहा है मानो यह असली हो।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में यह सामने आया है कि वीडियो एआई के माध्यम से बनाया गया है। वीडियो में किसी भी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। वीडियो को झूठे दावे के साथ असली बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि गाय स्कूटी चला रही है।
@KaranJohar-5304 नाम के एक यूट्यूब चैनल ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “जब गाय ने दिखाई अपनी स्टाइलिश सवारी! ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा होगा” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो की बारीकी से जांच की, हमें यहां इस वीडियो में कई गलतियां नजर आईं। जैसे, गाड़ी की नंबर प्लेट और दुकान के नाम वाले बोर्ड पर एक अस्पष्ट और अर्थहीन लिपि दिखाई दी। इसके अलावा, स्कूटर पर चढ़ते समय और उसके बाद गाय के शरीर के रंग में भी परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
हमारी पड़ताल से यह साफ है कि वीडियो को एआई के माध्यम से बनाया गया है। वीडियो को असली बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।