Fact Check: नीतीश पर निशाना साधने के सम्राट चौधरी के दो साल पुराने वीडियो को अभी का बताकर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को शराबी बना दिया है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को भ्रामक पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार में अब मतदान के दिन करीब आ रहे हैं। पहले चरण की 121 सीटों के लिए 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है। वहीं, दूसरे चरण की 122 सीटों के लिए 1302 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होना है। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कुछ बोलते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सम्राट चौधरी ने हाल ही में कहा है कि नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को शराबी बना दिया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को भ्रामक पाया है। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है। उस समय नीतीश कुमार महागठबंधन में थे। नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव के कुछ समय पहले जनवरी 2024 मेंं एनडीए में वापस आ गए थे।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सम्राट चौधरी ने कहा है कि नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को शराबी बना दिया है।
कुणाल शुक्ला (@kunal492001) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “2025 में नीतीश कुमार का बार-बार पल्टी मारने वाला पलटासन को ही बंद कर देना है। बिहार में भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनानी है : सम्राट चौधरी,उप मुख्यमंत्री बिहार। नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को ग्यारह गुना शराबी बनाया: सम्राट चौधरी,उप मुख्यमंत्री बिहार। बिहार में दारू माफिया, शराब माफिया, जमीन माफिया का राज है: सम्राट चौधरी,उप मुख्यमंत्री बिहार।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Rad News नाम के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। यह वीडियो 7 दिसंबर 2023 को साझा किया गया है। वीडियो में सम्रााट चौधरी ने कहा है कि 2025 में नीतीश कुमार जो बार-बार पलटी मारते हैं। उस पलटासन को ही खत्म कर देना है और बिहार में भाजपा की सरकार बनानी है। साथियों लगातार नीतीश कुमार जी कहते हैं कि हमने तो शराबबंदी कर दी लेकिन जब नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री बने तो बिहार में 987 शराब की दुकानें थीं और उनके 11 साल राज करने के बाद 11,000 शराब की दुकानें हो गईं। बिहार के लोगों को 11 गुना शराबी बनाया।
आगे की पड़ताल में हमें बीजेपी बिहार के फेसबुक पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 7 दिसंबर 2023 को साझा की गई है। पोस्ट में लिखा है कि 2025 में नीतीश कुमार का बार-बार पल्टी मारने वाला पलटासन को ही बंद कर देना है। बिहार में भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार बनानी है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को करीब दो साल पुराना पाया है।